भारतीय वायुसेना प्रमुख बीएस धनोआ और विंग कमांडर अभिनंदन वर्थमान ने सोमवार को लड़ाकू विमान मिग-21 में उड़ान भरी। भारत द्वारा बालाकोट में स्थित आतंकी ठिकानों पर 26 फरवरी को हवाई हमला करने के बाद पाकिस्तान ने भी जवाबी कार्रवाई की थी। उस वक्त अभिनंदन पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में मिग-21 ही उड़ा रहे थे।
वायुसेना प्रमुख मिग-21 के पायलट भी हैं। उन्होंने साल 1999 में कारगिल युद्ध के समय 17 स्क्वाड्रन की कमान संभालने के दौरान विमानों को उड़ाया था।
धनोआ का कहना है, मेरे लिए अभिनंदन के साथ उड़ान भरना एक खुशी की बात थी क्योंकि उन्हें अपनी उड़ान की कैटेगरी वापस मिल गई है। मेरे साथ भी 1988 में यही हुआ था, तब मुझे इस कैटेगरी को वापस पाने में नौ महीने लगे थे, जबकि अभिनंदन ने छह महीने से भी कम समय में इसे पा लिया है।
धनोआ ने आगे कहा, "हम दोनों में दो चीजें समान है- पहली, हम दोनों ही इजेक्ट हुए थे और दूसरा, हम दोनों ने ही पाकिस्तानियों से लड़ाई लड़ी है। मैं कारगिल में लड़ा, वह बालकोट के बाद लड़े। तीसरा, मैं उनके पिता के साथ भी उड़ा हूं।"