31 जुलाई से मणिपुर विधानसभा के सत्र की शुरुआत होने जा रही है। इससे पहले ही मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने कहा है कि वे कुकी और जो समुदाय विधायकों को विधानसभा सत्र की कार्यवाही में शामिल होने के लिए व्यक्तिगत रूप से निमंत्रण भेजेंगे।
मैं व्यक्तिगत रूप से निमंत्रण भेजूंगा- सीएम बीरेन
मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने संवाददातों से कहा, ‘मैं विधानसभा की तरफ से और व्यक्तिगत रूप से कुकी और जो समुदाय के विधायकों को निमंत्रण भेजूंगा। उन्हें हमारे साथ विधानसभा की कार्यवाही में शामिल होना चाहिए। हम उनका साथ देने के लिए तैयार हैं।’ आपको बता दें कि मणिपुर विधानसभा के छठे सत्र की शुरुआत 31 जुलाई से हो रही है। विधानसभा सत्र छह अगस्त तक चलेगा। गौरतलब है कि राज्य में चल रही जातीय हिंसा की वजह से दो कैबिनेट मंत्रियों के साथ कुकी समुदाय के 10 विधायकों ने पिछले दो विधानसभा सत्रों में भाग नहीं लिया था। मणिपुर विधानसभा का पांचवा सत्रा 28 फरवरी से शुरू होकर पांच मार्च तक चला था। इसके अलवा बीते वर्ष 29 अगस्त को चौथे सत्र की शुरुआत हुई थी लेकिन, यह सिर्फ 11 मिनट ही चल पाया था। चौथे सत्र में कुकी और जो समुदाय के किसी भी विधायक ने हिस्सा नहीं लिया था।
दिल्ली दौरे की भी जानकारी दी
मुख्यमंत्री बीरेन सिंह ने इस दौरान अपने दिल्ली दौरे की भी जानकारी दी। दिल्ली दौरे के दौरान वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। दिल्ली रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री ने कहा, ‘मैं दिल्ली में नीति आयोग की बैठक में शामिल होने जा रहा हूं। वहां अलग अलग राज्यों के मुख्यमंत्रियों का सम्मेलन होने जा रहा है और मैं वहां कई मुद्दों पर चर्चा करूंगा। इस दौरान मैं राज्य की स्थिति के बारे में जानकारी दूंगा और ताजा हालातों के तत्काल समाधान की मांग करूंगा। मुझे आशा है कि बातचीत के परिणाम सकारात्मक होंगे।’
जिरिबाम जिले में बुधवार को आगजनी की घटना
आपको बता दें कि मणिपुर के जिरिबाम जिले में बुधवार रात को आगजनी की खबरें सामने आईं थीं। इस बारे में सीएम बीरेन ने कहा, ‘मैंने दोनों ही समुदायों के नेताओं से बात की है और बुधवार की घटना को लेकर जांच भी शुरू की गई है। इस घटना में किसी भी समुदाय के शामिल नहीं होने संकेत मिले हैं। पुलिस लगातार इस घटना के जिम्मेदार लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। ऐसा लग रहा है कि कुछ लोगों को समूह हिंसा को भड़काना चाहता है।’ बुधवार की रात को अज्ञात लोगों ने जिरिबाम जिले के बोरोबेकरा में एक खाली घर को आग के हवाले कर दिया था। इस मामले में पुलिस का कहना है कि जिले में हिंसकर घटनाओं के बाद घर के मालिक ने घर खाली कर दिया था।