कर्नाटक के ऊर्जा मंत्री शिवकुमार के दिल्ली स्थित ससुराल पर आयकर विभाग ने गुरुवार को छापेमारी कर 15 करोड़ की बेनामी संपत्ति जब्त की है। दिल्ली के सफदरजंग इलाके में शिवकुमार के साले का घर है जहां यह छापेमारी अब भी जारी है।
बता दें कि बुधवार को शिवकुमार के 39 ठिकानों पर छापेमारी की गई थी जिसमें 10 करोड़ कैश बरामद किया गया था। शिवकुमार गुजरात के 44 विधायकों की बेंगलूर में अपने रिसॉर्ट में मेहमाननवाजी कर रहे हैं।
ऊर्जा मंत्री और उनके परिवार के 39 ठिकानों पर तड़के 120 अधिकारियों की टीम ने कार्रवाई शुरू की। उनके साथ अर्धसैनिक बलों की टुकड़ी भी थी। शुरुआत में छापे में ढाई करोड़ रुपये बरामद होने की खबर आई थी लेकिन बाद में रकम बढ़ती चली गई। आखिरकार नोटों की गिनती करने के लिए मशीनें लगानी पड़ी।
टैक्स चोरी के एक मामले में की गई इस कार्रवाई का असर संसद में भी पहुंचा, जहां कांग्रेस ने इसकी कड़ी निंदा करते हुए छापे के समय पर सवाल उठाया। सरकार ने कहा कि छापे का गुजरात के विधायकों से कोई लेना-देना नहीं है। यह आयकर विभाग की रुटीन कार्रवाई है।