मनोहर परिकर जब से रक्षामंत्री पद से इस्तीफा देकर गोवा के सीएम बने हैं तब से बीजेपी शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों के केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होने को लेकर कयासों का दौर जारी है।
पहले इसको लेकर के जहां मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नाम की चर्चा होती रही, तो अब इस कड़ी में नया नाम महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का भी जुड़ गया है। उनके केंद सरकार में शामिल होने को लेकर लगाए जा रही अटकलों और संभावना से खुद फडणवीस ने भी पूरी तरह से इंकार नहीं किया। फडणवीस ने शुक्रवार को जोर देकर कहा कि वह 'पार्टी के असली सैनिक हैं और वह पार्टी हाईकमान की सुनेंगे।
2017 इंडिया टुडे कॉनक्लेव के पहले दिन लोगों को संबोधित करते हुए फडणवीस ने कहा,' मुझे नहीं लगता कि एक केंद्रीय मंत्री की तुलना में मुख्यमंत्री के पास ज्यादा पॉवर है। हमें जो भी भूमिका मिलती है, हमारे पास उसके लिए परिवर्तन का एक एजेंडा है। यह हमारे भूमिका मिलने के बारे में नहीं, मैं इस वक्त मुख्यमंत्री हूं, मेरे सामने एक बड़ा एजेंडा है। आने वाले दो-तीन वर्षों में मैं महाराष्ट्र को बदल सकता हूं। लेकिन मैं पार्टी का एक सच्चा सैनिक हूं और बाकी जो पार्टी कहेगी उसको पूरा करुंगा।
हालांकि, केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होने को लेकर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का भी नाम आया था। लेकिन उन्होंने अफवाहों को खारिज कर दिया।
गौरतलब है कि मनोहर परिकर को रक्षामंत्री पद से हटाकर गोवा का मुख्यमंत्री बनाया गया है। परिकर के रक्षामंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद रक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार वित्तमंत्री अरुण जेटली को सौंपा गया है। इसी वजह से कयास लगाए जा रहे हैं कि फडणवीस को केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है।