बीसीसीआई में बदलाव को लेकर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान बोर्ड के वकील कपिल सिब्बल ने अपनी दलील में अध्यक्ष अनुराग ठाकुर को क्रिकेटर बता डाला। इस पर चीफ जस्टिस ने भी मजाकिया लहजे में कहा कि मैं भी तो एक क्रिकेट मैच में सुप्रीम कोर्ट टीम का कप्तान था।
पहले दो घंटे की सुनवाई के दौरान ये पूरा दिलचस्प वाक्या हुआ। दरअसल, एमिकस क्यूरी (अदालत द्वारा नियुक्त वकील) गोपाल सुब्रमण्यम ने बीसीसीआई पदाधिकारियों की जगह तीन प्रशासकों की नियुक्ति की सिफारिश की।
जिसके बाद चीफ जस्टिस टीएस ठाकुर ने पूछा कि कुल कितने पदाधिकारी हैं। इस पर बीसीसीआई के वकील कपिल सिब्बल ने कहा पांच हैं - अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, सह सचिव और कोषाध्यक्ष। जिसके बाद कोर्ट ने एक बार फिर पूछा, ‘इनमें से कौन क्रिकेट के जानकार हैं ?’ कपिल सिब्बल ने अध्यक्ष ठाकुर को क्रिकेट खिलाड़ी बताया।
जिसके बाद गोपाल सुब्रमण्यम ने इस दावे का मजाक बनाया। चीफ जस्टिस ने भी मजाकिया लहजे में कहा कि मैं भी एक क्रिकेट मैच में जजों की टीम का कैप्टन था।’ हालांकि इसके बाद कपिल सिब्बल ने बात को संभालते हुए कहा कि बीसीसीआई अध्यक्ष अपने राज्य के लिए रणजी क्रिकेट खेल चुके हैं।