यूपी के नगर विकास मंत्री आजम खां ने संभल और अमरोहा में ई रिक्शा वितरण कार्यक्रमों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, एआईएमआईएम अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी के साथ ही कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। संभल में आजम खां ने कहा कि ‘गुजरात के रावण’ ने पूरे हिंदुस्तान की जम्हूरियत को जलाया है। अगर रावण को जलाना है तो लखनऊ में नहीं, गुजरात में जलाओ। आजम खां ने भाजपा पर सेना के सियासी उपयोग का आरोप भी मढ़ा।
आजम खां गुरुवार संभल और अमरोहा के जोई में ई-रिक्शा का वितरण करने आए थे। उन्होंने कहा कि गुजरात में बीजेपी को कमजोर वर्ग और मुसलमानों को जो वोट मिला है वह भय का परिणाम है। दंगों की याद दिलाकर मुस्लिमों और आम लोगों को धमकाया गया था तभी भाजपा को वोट मिला था।
उन्होंने मुसलमानों को कांग्रेस और बीजेपी के साथ साथ यूपी के चुनावी समर में आने वाली ओवैसी की पार्टी से भी सावधान किया। उन्होंने इमरजेंसी में कांग्रेस को लोकतंत्र का हत्यारा बताया तो गुजरात में भाजपा को। ओवैसी की पार्टी को उन्होंने वोट न देने की अपील करते हुए कहा कि इससे भाजपा को फायदा होगा।