राजनीति में आने की किसी भी संभावना से इनकार करते हुए आरबीआई के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन ने कहा कि प्रोफेसर के तौर पर वह खुश हैं। उनसे पूछा गया कि क्या आम आदमी पार्टी की ओर से उन्हें राज्यसभा भेजने का कोई प्रस्ताव है, इस पर राजन ने कहा कि ऐसे किसी भी प्रस्ताव के बारे में वह टिप्पणी नहीं करेंगे।
उन्होंने इतना जरूर कहा, ‘राजनीति के मुद्दे पर मेरी पत्नी ने साफ तौर पर कह रखा है नहीं।’ राजन ने कहा कि जब वह आरबीआई के गवर्नर थे तब लोग उन्हें अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष में भेजना चाहते थे।
जब वह वापस प्रोफेसर बन गए हैं तब लोग उन्हें कहीं और देखना चाहते हैं। राजन ने कहा, ‘मैं प्रोफेसर के तौर पर काफी खुश हूं। दिन में कई घंटे काम करने के लिए मेरे पास दिमाग है। अपने काम को मैं पसंद करता हूं।’ बताया जाता है कि आम आदमी पार्टी ने राजन को दिल्ली से राज्यसभा भेजने का प्रस्ताव दिया था, जिसे उन्होंने ठुकरा दिया था।