हैदराबाद में तीन साल के अयांश को लगा दुनिया का सबसे महंगा इंजेक्शन
- फोटो : social media
हैदराबाद में रहने वाले तीन साल के अयांश के माता-पिता की मेहनत रंग लाई है। अयांश के लिए दुनिया का सबसे महंगा इंजेक्शन उपलब्ध कराया गया और नौ जून को अस्पताल में अयांश को जोल्गेन्स्मा लगाया गया। बता दें कि इस एक इंजेक्शन की कीमत 16 करोड़ रुपये है। अयांश की मदद करने के लिए विराट कोहली और अनुष्का शर्मा जैसे कई बड़े कलाकार सामने आए थे।
वहीं अयांश के इंजेक्शन के लिए उसके माता-पिता ने क्राउडफंडिंग का भी इस्तेमाल किया था। दरअसल, अयांश एक दुर्लभ स्पाइनल मस्कुलर एट्रोफी (एसएमए) नाम की बीमारी से पीड़ित है और अयांश को एक इंजेक्शन की जरूरत थी, जिसकी कीमत 16 करोड़ रुपये है।
रेनबो चिल्ड्रेन अस्पताल ने दुर्लभ जीन थेरेपी का आपरेशन किया और तीन साल पुराने एमएमए केस का इलाज किया। इस इलाज में दुनिया की सबसे महंगी दवा जोल्गेन्स्मा का इस्तेमाल किया गया। योगेश गुप्ता और रूपल के तीन साल के बेटे अयांश गुप्ता, स्पाइनल मस्कुलर एट्रोफी से पीड़ित थे और नौ जून को अयांश को सबसे महंगा इंजेक्शन लगाया गया।
बता दें कि इम्पैक्टगुरु डॉट कॉम द्वारा क्राउडफंडिंग कराए जाने की वजह से अयांश के माता-पिता इतने पैसे का इंतजाम कर पाए। इसके अलावा वित्त मंत्रालय की ओर से भी अयांश के माता-पिता को मदद मिली। वित्त मंत्रालय ने करीब छह करोड़ रुपये के टैक्स को माफ किया।
अयांश के पिता योगेश गुप्ता का कहना है कि हम सभी दानदाताओं और इम्पैक्टगुरु के आभारी हैं। इन सभी ने मिलकर अयांश को दुनिया की सबसे महंगी दवा दिलवाकर उसे जिंदगी का उपहार दिया है। बता दें कि अयांश के लिए इम्पैक्टगुरु फंडरेजर ने 62,450 से ज्यादा दाताओं से मिली सहयोग राशि के जरिए 14.84 करोड़ रुपये प्राप्त किए। इस क्राउड फंडिंग के तहत किसी ने अकेले 56 लाख रुपये दान दिए।
बता दें कि जोल्गेन्स्मा दुनिया का सबसे महंगा इंजेक्शन है, जो वर्तमान में भारत में मौजूद नहीं है। इसे अमेरिका से करीब 16 करोड़ रुपये में आयात किया जाता है।