हैदराबाद पुलिस ने मंगलवार को युवाओं को सोशल मीडिया 'लाइक्स' के लिए आपत्तिजनक हरकतें करने से सावधान किया। यह चेतावनी उस वीडियो के वायरल होने के बाद आई है, जिसमें दो युवक महाशिवरात्रि के मौके पर कथित रूप से भगवान शिव की मूर्ति को नशे का पदार्थ चढ़ाते दिखे।
वीडियो में दिखाई देता है कि शमशाबाद इलाके के एक शिव मंदिर के पास दोनों युवक यह कहते हैं कि वे प्रसाद चढ़ाने आए हैं। इसके बाद युवक गर्व से बताते हैं कि आमतौर पर भक्त नारियल चढ़ाते हैं, लेकिन वे कुछ अलग कर रहे हैं। एक युवक हाथ में गांजा जैसी नशे की वस्तु पकड़कर यह दिखा रहा है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट होने के बाद कई नेटिजंस ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने युवाओं को चेताया
हैदराबाद पुलिस कमिश्नर वी. सी. सज्जनार ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर कहा "महाशिवरात्रि भक्ति का प्रतीक है… मुक्ति का मार्ग है। ऐसे पवित्र अवसर पर नशे की वस्तु को प्रसाद के नाम पर दिखाना अत्यंत शर्मनाक और विकृत व्यवहार है।" सज्जनार ने कहा कि यह एक गंभीर अपराध है और यदि नारकोटिक्स ड्रग्स और साइकोट्रॉपिक सबस्टेंस (NDPS) एक्ट की धाराएं लागू की गईं, तो इसके लिए उम्रभर पछतावा करना पड़ सकता है। उन्होंने युवाओं को सलाह दी कि लाइक्स और व्यूज की तात्कालिक संतुष्टि के लिए अपने सुनहरे भविष्य को खतरे में न डालें।
ये भी पढ़ें:- Assam: '2014 में ही सीएम बनने वाला था, राहुल के फोन से पलट गई बाजी', CM सरमा ने बताई कांग्रेस छोड़ने की कहानी
पुलिस कमिश्नर ने चेताया "ऐसे कृत्य किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया को अपनी रचनात्मकता के मंच में बदलें, न कि नशे की राह में।" इस बीच, हैदराबाद नारकोटिक्स एन्फोर्समेंट विंग (H-NEW) की टीम इस घटना की जांच कर रही है।
अन्य वीडियो:-