रमजान के महीने में रोजे शुरू हो चुके हैं। लगभग 14 घंटों के उपवास के बाद इफ्तार के समय रोजा खत्म होता है। मंगलवार को पहले रोजे के बाद हैदराबाद में एक रेस्तरां ने मुफ्त हलीम का एलान किया। मुफ्त हलीम की चाह में उमड़ी भीड़ के कारण अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षाबलों को लाठीचार्ज करना पड़ा।
तेलंगाना की राजधानी में मुफ्त हलीम खाने की चाह में जनता बड़ी संख्या में एक रेस्तरां में पहुंची। मुफ्त हलीम का एलान करने वाले रेस्तरां संचालक उस समय हलकान हो गए, जब भीड़ बेकाबू होने लगी। रमजान के पहले दिन मुफ्त हलीम देने का फैसला करने वाले प्रबंधकों को भीड़ से निपटने के लिए पुलिस बुलानी पड़ी। सुरक्षाबलों ने पहले तो समझाने का प्रयास किया, लेकिन नौबत लाठीचार्ज तक जा पहुंची।
विज्ञापन
घटना मलकपेट के एक रेस्तरां की है। मुफ्त हलीम की चाह में बेकाबू हुई भीड़ को तितर-बितर करने के लिए सुरक्षाबलों को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। लाठीचार्ज के बाद परेशानी से निजात मिली। बता दें कि हलीम एक बेहद स्वादिष्ट स्टू है। इसे दाल, गेहूं, मसालों और मांस को मिलाकर तैयार किया जाता है।
सैकड़ों लोग मुफ्त हलीम की चाह में रेस्तरां के बाहर जमा
समाचार एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक रेस्तरां प्रबंधन ने रमजान के पहले दिन जनता को मुफ्त हलीम देने का फैसला लिया, लेकिन भीड़ बेकाबू हो गई। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस बुलानी पड़ी। एक अन्य वीडियो समाचार एजेंसी पीटीआई ने जारी की। इसमें सैकड़ों लोग मुफ्त हलीम की चाह में रेस्तरां के बाहर जमा हैं। वीडियो फुटेज के आधार पर रेस्तरां की पहचान आजेबो के रूप में हुई है। खबरों के मुताबिक घटना आधी रात के बाद लगभग दो बजे की है।
विज्ञापन
रेस्तरां संचालकों ने अनुमति नहीं ली
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इस मामले में मलकपेट के इंस्पेक्टर यू श्रीनिवास ने बताया कि यातायात बाधित करने के लिए रेस्तरां प्रबंधन के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुफ्त ऑफर के बारे में पुलिस को सूचित नहीं किया। बड़ी संख्या में लोगों के आने की संभावना देखते हुए रेस्तरां संचालकों ने अनुमति भी नहीं ली। इसलिए जनजीवन को प्रभावित करने के आरोप में मामला दर्ज किया जाएगा।