सहेली के साथ कंप्यूटर का टेस्ट देने पैदल जा रही गांव रामपुर जंगल निवासी 22 वर्षीय राजकुमारी को उसके पति ने रास्ते में दबोच लिया और उसकी दांत से नाक काट डाली। इतना ही नहीं आरोपी पति नथ समेत काटी गई नाक लेकर कोतवाली पहुंचा और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। पीड़ित और उसके घर वालों का आरोप है कि दहेज में बाइक और नकदी की मांग पूरी न होने पर आरोपी पति ने नाक काट ली, जबकि आरोपी पति का कहना है कि वह कई बार अपनी पत्नी को विदा कराने गया, लेकिन पत्नी मायके में ही रहने की जिद पर अड़ी थी। इससे नाराज होकर घटना को अंजाम दिया।
गांव रामपुर जंगल निवासी रामभजन ने बताया कि उन्होंने साल भर पहले अपनी 21 वर्षीय पुत्री राजकुमारी का विवाह थाना मैलानी के गांव मोतीपुर निवासी शिवप्रसाद के साथ किया था। दहेज में बाइक और एक लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर शादी के दो महीने के बाद ससुराल वालों ने पुत्री को मारपीट कर घर से भगा दिया। तब से राजकुमारी मायके में ही रह रही थी। वह कंप्यूटर का कोर्स भी करती है और इंटरमीडिएट की छात्रा है।
उन्होंने बताया कि बुधवार को राजकुमारी अपनी सहेली शांति के साथ कंप्यूटर का टेस्ट देने लखीमपुर जा रही थी। कालीचरनपुर गांव की पुलिया के पास साइकिल से आए पति शिवप्रसाद ने उसे दबोच लिया और दांत से नाक काट दी। नथ समेत कटी नाक को लेकर वह गोला की ओर फरार हो गया। इधर राजकुमारी लहूलुहान होकर गिर पड़ी। सहेली शांति की सूचना पर रामभजन और उसकी मां रामगुनी मौके पर पहुंचे। माता पिता राजकुमारी को कोतवाली लाए और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ तहरीर लेकर पीड़ित का मेडिकल परीक्षण कराया है। पीड़ित लखीमपुर में आईटीआई भी कर रही है। उधर आरोपी पति कटी नाक लेकर कोतवाली पहुंचा और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। उसे अपने किये पर कोई पछतावा नहीं है। उसका कहना है कि वह कई बार पत्नी को विदा कराने के लिए ससुराल गया, लेकिन राजकुमारी मायके में ही रहने की जिद पर अड़ी थी।