Maharashtra: ठाणे जिले के बदलापुर में महिलाओं से अवैध तरीके से अंडाणु निकालने और बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़ हुआ, जिसके बाद पुलिस को इस गिरोह के बंगलूरू और तेलंगाना तक तार जुड़े होने का शक है। अब तक चार महिलाओं को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, लगभग 40 महिलाओं का शोषण हुआ। क्या है पूरा मामला, पढ़ें रिपोर्ट-
महाराष्ट्र के ठाणे जिले के बदलापुर में गैरकानूनी तरीके से महिलाओं से अंडाणु निकालने और बेचने वाले गिरोह की जांच में पता चला कि यह बंगलूरू और तेलंगाना तक फैला हुआ था। अब तक चार महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है। कम से कम 40 महिलाओं का इस गिरोह में शोषण किया गया। एक पुलिस अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
विज्ञापन
मामले पर पुलिस ने क्या कहा?
पुलिस उपायुक्त (जोन-चार) सचिन गोरे ने मीडिया को बताया कि चौथी आरोपी की पहचान सोनल ग्रेवाल के रूप में हुई। उसे सोमवार की रात गिरफ्तार कियाय गया।
उन्होंने बताया कि ग्रेवाल ने बिना किसी मेडिकल डिग्री के गैरकानूनी सोनोग्राफी में मदद की और अपने घर में अंडाणु निकालने के उपकरण रखे थे।
गोरे बताया कि तीन जगहों से साढ़े नौ से 10 लाख रुपये तक के अवैध इंजेक्शन बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने चार टीमें बनाई हैं और अन्य जगहों पर भी आरोपियों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
कैसे उजागर हुआ यह पूरा मामला?
इस रैकेट का भंडाफोड़ तब हुआ, जब एक महिला ने शिकायत की कि उसे अंडाणु दान के पैसे नहीं मिले। इसके बाद कथित तौर पर रैकेट चलाने वाली प्रमुख आरोपी सुलक्षणा गाडेकर के घर छापा मारा गया, जहां हार्मोनल इंजेक्शन बरामद हुए। इसके बाद अश्विनी चबुस्कर और मंजुशा वानखेड़े को गिरफ्तार किया गया।
विज्ञापन
कई राज्यों तक फैला हो सकता है नेटवर्क
पुलिस को शक है कि यह अपराध नेटवर्क कई राज्यों में फैला हुआ है। पुलिस के मुताबिक, मोबाइल फोन से मिले सबूतों से पता चला कि महिलाओं को 25 हजार रुपये से 30 हजार रुपये देने का प्रलोभन दिया गया। उन्हें हार्मोनल इंजेक्शन के बाद बंगलूरू, तेलंगाना, नागपुर, पुणे और नासिक ले जाया गया, वहां अंडाणु निकाले गए।
'40 महिला का शोषण हुआ'
एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि शुरुआती जांच में पता चला कि 40 से ज्यादा महिलाओं का शोषण हुआ है। एक महिला से तो 33 बार अंडाणु निकालने की कोशिश की गई, जो कानून के खिलाफ है। कानून के अनुसार, किसी महिला से जीवन में केवल एक बार अंडाणु दान लिया जा सकता है। उल्हासनगर और ठाणे के दो अस्पतालों की भी जांच हो रही है, क्योंकि उन्होंने बिना डॉक्टर की प्रिस्क्रिप्शन के सोनोग्राफी की।
राज्य के स्वास्थ्य मंत्री ने क्या कहा?
महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री प्रकाश अबितकर ने कहा कि पूरी जांच की जाएगी और अगर कोई डॉक्टर या एजेंट अंडाणु बेचने में शामिल पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।