मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावडेकर
- फोटो : PTI
मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावडेकर ने कहा कि उत्तर प्रदेश के रायबरेली सहित तीन केन्द्रीय विद्यालयों को मंजूरी दी गई है। रायबरेली के रेलवे कोच फैक्ट्री में नया केन्द्रीय विद्यालय खुलेगा जबकि पीलीभीत के केन्द्रीय विद्यालय में जगह की कमी को देखते हुए दोनों शिफ्ट में चलाने का निर्णय लिया गया है।
इसके अलावा मध्य प्रदेश के तेकनपुर में भी एक नया केन्द्रीय विद्यालय शुरू करने का फैसला लिया गया है। मानव संसाधन विकास मंत्री ने पत्रकारों से मंत्रालय के कामकाज के संबंध भी जानकारी ली। पत्रकारों से बातचीत में मानव संसाधन विकास मंत्री ने कहा कि वैसे विद्यार्थी जो मेडिकल में दाखिले के लिए नेशनल एलिजिबिलिटी एंट्रेंस टेस्ट (नीट) दिया हो और नीट टू के लिए भी आवेदन किया हो लेकिन फीस जमा नहीं करा पाए हों उनके लिए नीट वन ही मान्य होगा।
वैसे विद्यार्थी जिन्होंने नीट वन दिया हो नीट टू का फॉर्म भी भरा हो लेकिन वे परीक्षा में शामिल नहीं होना चाहते उनके लिए नीट वन मान्य होगा। इसके अलावा भी यदि नीट को लेकर किसी तरह की भ्रम की स्थिति आती है तो उस समस्या का भी समाधान किया जाएगा।