सपने में दिखे 'भोले बाबा, तो 'शिवलिंग' की तलाश में हाइवे ही खोद डाला!
तेलंगाना में एक शिवभक्त को लगातार सपने में भगवान शिव के दर्शन होते रहे। इन सपनों में भगवान शिव ने लखन मनोज नाम के युवक से कहा कि हाइवे के नीचे शिवलिंग दबा पड़ा है, जिसे निकालकर वहां मंदिर बनाया जाए। फिर क्या था, मनोज नाम का ये शिवभक्त फावड़े के साथ हाइवे खोदने में ही जुट गया। यही नहीं, उसे स्थानीय लोगों का भी समर्थन मिला, जिसके बाद हाइवे की खुदाई के लिए जेसीबी मशीन तक मंगा ली गई।
मामला तेलंगाना के जनगांव जिले का है। यहां 30 वर्षीय शिव भक्त लखन मनोज नाम के युवक को पिछले 3 सालों से भगवान शिव सपनों में दर्शन दे रहे थे। मनोज की मानें तो भगवान शिव ने ही उससे कहा था कि हाइवे पर उसी जगह जमीन के नीचे शिवलिंग छिपा है, जिसे निकालकर वो मंदिर कर निर्माण करे। खास बात तो ये है कि मनोज के सपनों पर भरोसा सिर्फ मनोज को ही नहीं, बल्कि स्थानीय प्रशासन को भी था। जनगांव के सरपंच बालने सिद्दू लिंगम और नगरपालिका के उपाध्यक्ष नगरापू वेंकट तक भी मनोज के दावे पर यकीन करते थे।
#Bizarre Villagers in Jangaon, Telangana dug up highway after a mad Goldman dreamt of God asking him to unearth Sivalinga. Later arrested. 🙄 pic.twitter.com/ynBJC62i05
— SAKSHI KHANNA (@tweetsakshi) June 5, 2017
लखन मनोज नाम का ये युवक हर सोमवार को हाइवे पर ही भगवान शिव को जल भी चढ़ाता था। उसे सपने में भगवान शिव से मिले निर्देशों पर यकीन था और इसीलिए वो हाइवे की खुदाई करने लगा। हालांकि काफी गहरी खुदाई के बावजूद शिवलिंग नहीं मिला। इस दौरान वो 'ओम नम: शिवाय' कहकर लोगों को शिवलिंग मिलने का भरोसा दिलाता रहता था। बहरहाल, सूचना पाकर मौके पर पुलिस ने हाइवे की खुदाई का काम बंद कराकर मनोज को हिरासत में ले लिया है। इस दौरान हाइवे पर लंबा जाम लग गया था।
कभी देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने कहा था कि देश के बांध और सड़के आधुनिक भारत के मंदिर साबित होंगे। पर मनोज के सपने ने तो हाइवे को ही मंदिर बनाने की सनक सवार कर दी। वैसे, पुलिस की हिरासत में होने के बावजूद मनोज अपने दावे पर अडिग है। उसे यकीन है कि आज नहीं तो कल वो उस जगह से शिवलिंग की खोज करके रहेगा।