गढ़ खादर क्षेत्र का एक युवक अमरोहा से 30 हजार में दुल्हन खरीदकर लाया था। आने के दूसरे ही दिन दुल्हन फरार हो गई। इससे आहत युवक अब बिचौलिया पर रुपये वापस करने को दबाव बना रहा है। रुपये न देने पर उसने बिचौलिया को एफआईआर की धमकी दी है। बिचौलिया ने युवक को दूसरी दुल्हन लाकर देने का भरोसा दिया है।
एक युवक शनिवार को एक बिचौलिया के माध्यम से जनपद अमरोहा के रजबपुर क्षेत्र के एक गांव से शादी रचाकर युवती को लाया था। एक रात बीतने के बाद ही युवती ने उसके साथ रहने से इंकार कर दिया। वह गांव में रहने की बजाए अपने घर लौटने की जिद पर अड़ गई।
30 हजार रुपये में खरीदकर लाई गई दुल्हन के वापस लौटने की जिद से युवक के होश उड़ गए। उसने समझाकर दुल्हन को शांत किया। शाम को दुल्हन बिना बताए उसके घर से चली गई। इसका पता लगते ही युवक ने मोबाइल पर बातचीत कर बिचौलिए को दुखड़ा सुनाया। युवक ने बताया कि बिचौलिया इस समय खुद को दिल्ली में बता रहा है। उसने वापस लौटकर 10-15 दिन बाद दूसरी दुल्हन की व्यवस्था करने का भरोसा दिया है।
युवक ने बिचौलिया को चेतावनी दी है कि वह दुल्हन को वापस मंगवाए या 30 हजार रुपये वापस दिलाए। ऐसा न होने पर वह रजबपुर थाने में तहरीर देकर उसके खिलाफ साजिश रचकर धोखाधड़ी करने का केस दर्ज कराएगा।
चल रहा है खरीद-फरोख्त का धंधा
क्षेत्र में कई व्यक्ति युवतियों के खरीद-फरोख्त के गैर कानूनी धंधे से जुड़े हैं। वह अविवाहितों और विधुरों को अपने जाल में फंसा लेते हैं। उनसे रुपये वसूलकर युवतियों को खरीदकर ला देते हैं। ऐसे में गंगा खादर के क्षेत्र में युवतियों की खरीद-फरोख्त का धंधा चल रहा है। पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी सब जानकर भी अनजान बनें हैं।