मुगल शासकों में अकबर को जितनी उदारता के लिए याद किया जाता है औरंगजेब को उतनी ही कट्टरता के लिए याद किया जाता है। 4 नवंबर को औरंगजेब का जन्मदिन होता है। हिंदुस्तान के तख्त पर औरंगजेब ने करीब 48 साल तक शासन किया। अपनी मौत के 300 से भी अधिक सालों के बाद औरंगजेब भारत की राजनीति में अकसर जिंदा हो जाता है। कभी उसके नाम की सड़क को लेकर विवाद हो जाता है तो कभी उसे लेकर पाठ्यपुस्तक के किसी हिस्से को लेकर घमासान। समाज का एक वर्ग औरंगजेब को ताकतवर मुगल शासक के तौर पर याद करता है तो दूसरा वर्ग धर्मांध और कट्टर शासक के तौर पर उसकी आलोचना करता है। आइए जानते हैं इस विवादित मुगल शासक से जुड़ीं 10 रोचक बातें...
1-औरंगजेब हिंदुओं पर जजिया कर लगाने के लिए बदनाम है। जजिया एक टैक्स होता था जो गैर- मुस्लिमों पर लगाया जाता था। हालांकि कहा जाता है कि औरंगजेब ने गरीब हिंदुओं और राजपूतों को जजिया कर से छूट दी हुई थी।
2-औरंगजेब पर एक बड़ा आरोप यह भी लगता है कि उसने बड़ी संख्या में हिंदू मंदिरों को तोड़ा। दूसरी ओर इतिहासकार इरफान हबीब औरंगजेब का एक किस्सा सुनाते हुए बताते हैं, 'औरंगजेब ने एक बार अपने बेटे को खत में लिखा था कि एलोरा से गुजरो तो वहां की मूर्तियां जरूर देखना। औरंगजेब ने उन्हें 'मजहरे इलाही' कहा था यानी डिवाइन वंडर। यानी वह मूर्तियों का विरोधी नहीं था।
3- औरंगजेब भारत में इसलिए भी बदनाम है कि उसने जबरन हिंदुओं और सिखों का धर्म परिवर्तन कराया। कहा जाता है कि जब सिखों के 9वें गुरु गुरु तेगबहादुर ने कश्मीरी ब्राह्मणों की मदद की तो उसने तेगबहादुर की हत्या करवा दी।
4- वैसे तो कहा जाता है कि औरंगजेब संगीत और सौंदर्य से नफरत करता था लेकिन 1636 में जब औरंगजेब दक्कन का गवर्नर बन कर बुरहानपुर गया तो वहां उसकी मुलाकात हीराबाई से हुई़। अपने सौंदर्य और संगीत की गहरी समझ के लिए पहचाने जाने वालीं हीराबाई से औरंगजेब इश्क कर बैठा था। हालांकि वह हीराबाई से शादी नहीं कर पाया और बीमारी से हीराबाई की मौत हो गई।
5- यह भी कहा जाता है कि सत्ता हासिल करने के लिए औरंगजेब के भाई मुराद बख्श ने उसकी मदद की थी लेकिन सत्ता पर काबिज होने के बाद औरंगजेब ने मुरादबख्श की भी हत्या करा दी थी।