आरक्षण का मुद्दा बीते कुछ समय से गरमाता जा रहा है। वहीं, पदोन्नति में आरक्षण का मामला इस समय सुर्खियां बना है। पिछड़ी जातियों को शिक्षा से लेकर नौकरी तक में आरक्षण देने के बाद पदोन्नति में भी आरक्षण देने की व्यवस्था देश के लिए कितनी बेहतर साबित होगी और कितनी गलत इस मुद्दे पर अमर उजाला डॉट कॉम के संपादक जयदीप कार्णिक ने स्कूली छात्र-छात्राओं के साथ चर्चा कर उनके विचार जाने।
इस विमर्श में नोएडा के सरला चोपड़ा डीएवी पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। इसमें विजेता मिश्रा, गौतम प्रकाश शर्मा और शिवानी सिंह ने पदोन्नति में आरक्षण को समर्थन दिया वहीं, तनु शर्मा, वैदेही गोयल व पूजा झा ने इसका विरोध किया। गौतम प्रकाश ने पदोन्नति में आरक्षण को सही ठहराते हुए कहा कि नौकरी मिलने के बावजूद उनके नीचे काम करने वाले लोग उनका सम्मान नहीं करते। यह व्यवस्था उन्हें उनका सम्मान दिलाने में मदद करेगी।
वहीं, विपक्ष में तनु ने कहा कि पढ़ाई और नौकरी में आरक्षण पाने के बाद कम से कम पदोन्नति तो अपनी मेधा और काम के अनुसार मिलना चाहिए। विजेता ने कहा कि आज भी देश में कई ऐसी जगह हैं जहां जाति के आधार पर ही नौकरी दी जाती है। यह व्यवस्था इस प्रथाको तोड़ने का काम करेगी।