कांग्रेस नेता ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, 'यह भयावह और शर्मनाक है कि करीब दस हजार नागरिक, जिनमें से लगभग पांच हजार बच्चे हैं, का नरसंहार किया गया है, पूरे परिवार की पंक्तियां खत्म कर दी गईं हैं। अस्पतालों और एंबुलेंस पर बमबारी की गई है। शरणार्थी शिविरों को निशाना बनाया गया है। फिर भी आजाद दुनिया के तथाकथित नेता फलस्तीन में नरसंहार का वित्तपोषण और समर्थन करना जारी रखे हुए हैं।'
उन्होंने कहा, संघर्ष विराम पहला कदम है, जिसे अंतरराष्ट्रीय समुदाय को तुरंत लागू करना चाहिए, नहीं तो इनके पास कोई नैतिक अधिकार नहीं बचेगा। सीएनएन ने शुक्रवार को अपनी रिपोर्ट में बताया कि इस्राइल ने गाजा सिटी के अल-शिफा अस्पताल के बाहर एक एंबुलेंस पर हमले की जिम्मेदारी ली है, जिसमें कई लोग मारे गए और दर्जनों घायल हो गए।
इस्राइल रक्षा बल (आईडीएफ) के एक बयान के मुताबिक, इस्राइल ने कहा कि उसने एंबुलेंस को निशाना बनाया है, क्योंकि हमास इसका इस्तेमाल कर रहा था। सीएनएन ने हमास संचालित स्वास्थ्य अधिकारियों के हवाले से बताया कि एनक्लेव के सबसे बड़े चिकित्सा केंद्र पर हुए हमले में कम से कम पंद्रह लोग मारे गए और पचास अन्य घायल हो गए।
घटनास्थल के फुटेज के मुताबिक, कम से कम एक दर्ज खून से लथपथ लोगों को एक एंबुलेंस के पास जमीन पर बिखरे हुए देखा जा सकता है। इस्राइल-हमास युद्ध पर ताजा अपडेट के मुताबिक, आईडीएफ के प्रवक्ता एडमिरन डैनियल हगारी ने कहा कि बल हमास के आतंकवादियों के खिलाफ मजबूती से अपना अभियान जारी रखे हुए हैं।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में आईडीएफ ने हगारी के हवाले से लिखा, वे मजबूत हैं। वे दृढ़ निश्चयी हैं। वे तैयार हैं। वे जानते हैं कि वे किस लिए लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा, हमारी सेना उत्तरी गाजा में हमास के नेतृत्व और बुनियादी ढांची के खिलाफ अभियान जारी रखे हुए हैं। आईडीएफ ने दावा कि हमास आतंकी सुरंगो के जटिल नेटवर्क के भीतर छिपे हुए हैं।