सार
मृतका नर्सिंग की छात्र थी और कोयंबटूर में पढ़ रही थी। उसकी हत्या के बाद मां ने भी खुदकुशी की कोशिश की। उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। मां व उसका परिवार अपनी बेटी की शादी अपने ही समुदाय में करना चाहते थे, लेकिन बेटी इसके लिए तैयार नहीं हुई।
दिल्ली के श्रद्धा व मथुरा के आयुषी हत्याकांड को लोग अभी भूले भी नहीं हैं कि अब तमिलनाडु में ऑनर किलिंग की हैरान करने वाली घटना सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार एक मां ने ही अपनी 20 साल की बेटी की हत्या कर डाली। इसकी वजह यह थी कि वह दूसरी जाति के युवक से प्यार करती थी और उसके साथ उसके संबंध थे।
मृतका नर्सिंग की छात्र थी और कोयंबटूर में पढ़ रही थी। उसकी हत्या के बाद मां ने भी खुदकुशी की कोशिश की। उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। मां व उसका परिवार अपनी बेटी की शादी अपने ही समुदाय में करना चाहते थे, लेकिन बेटी इसके लिए तैयार नहीं हुई।
मथुरा में आयुषी की पिता ने ही की थी हत्या
हाल ही में मथुरा में पिता ने अपनी बेटी की हत्या कर दी थी। वजह ये थी कि आयुषी ने अपनी मर्जी से शादी कर ली थी, जो घर वालों को मंजूर नहीं थी। थाना राया क्षेत्र में 18 नवंबर को यमुना एक्सप्रेसवे के माइल स्टोन 108 की सर्विस रोड पर कृषि अनुसंधान केंद्र के पास झाड़ियों में खून से लथपथ ट्रॉली बैग में बीसीए की छात्रा आयुषी (22) का शव मिला था। पुलिस ने 48 घंटे में आयुषी की पहचान कर 21 नवंबर को हत्याकांड का खुलासा कर हत्या के आरोपी पिता नितेश और मां ब्रजबाला को गिरफ्तार कर लिया। 22 नवंबर को दंपती को जेल भेज दिया था।
ऑनर किलिंग के नाम पर हर साल 5 हजार हत्याएं
आयुषी का मामला इकलौता नहीं है। देश में लगातार लड़के-लड़कियां ऑनर किलिंग का शिकार हो रहे हैं। ऑनर किलिंग का मतलब है कि अपने ही परिवार में किसी व्यक्ति की हत्या इसलिए कर दी जाती है। संयुक्त राष्ट्र की एक रिपोर्ट के अनुसार हर साल दुनिया में 5 हजार लड़कियां ऑनर किलिंग की भेंट चढ़ जाती हैं। तथाकथित 'इज्जत' के नाम पर बेटे या बेटियों को परिवार के ही लोग मौत के घाट उतार देते हैं।