भारतीय यात्रियाें को करारा झटका देते हुए हांगकांग ने भारतीयाें के लिए मुक्त वीजा सुविधा वापस ले ली है। ऐसे में सोमवार से हांगकांग आने वाले भारतीयों को आगमन पूर्व पंजीकरण पूरा करना होगा।
हांगकांग के आव्रजन विभाग ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर एक बयान में घोषणा की है कि भारतीय नागरिकों के लिए आगमन पूर्व पंजीकरण 23 जनवरी को लागू होगा। भारतीय नागरिकाें के लिए आगमन पूर्व पंजीकरण की ऑनलाइन सेवा अब शुरू हो गई है। बयान में कहा गया है कि अब भारतीयों के लिए मुक्त वीजा सुविधा समाप्त कर दी गई है।
ऐसे में उन्हें यहां आने से पूर्व ऑनलाइन पंजीकरण करना होगा। यह भी स्पष्ट किया गया है कि हवाई मार्ग से सीधे ट्रांजिट करने वाले भारतीय नागरिकों पर यह नियम लागू नहीं होगा। साथ ही हवाईअड्डा ट्रांजिट क्षेत्र नहीं छोड़ने वालों को भी आगमन पूर्व पंजीकरण कराने की जरूरत नहीं होगी।