देश के सभी राज्यों में कोरोना वैक्सीन का वितरण लगातार जारी है, वहीं कुछ राज्यों ने इसे लेकर सरकार पर भेदभाव का आरोप लगाया है। अब स्वास्थ्य मंत्रालय ने सामने आकर इसपर सफाई देते हुए कहा है कि सभी राज्यों को अबतक टीके की कुल 1.65 करोड़ खुराक भेजी जा चुकी है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार यह टीके की खुराक की प्रारंभिक आपूर्ति है और आने वाले हफ्तों में लगातार इसकी भरपाई की जाएगी। इसलिए, किसी राज्य द्वारा आपूर्ति को लेकर व्यक्त की जा रही कोई भी आशंका पूरी तरह निराधार है।
बता दें कि देशभर में 16 जनवरी से टीकाकरण अभियान शुरू होने जा रहा है। जम्मू कश्मीर से कन्याकुमारी तक और असम से गोवा तक, सहित देश के कोने-कोने तक कोविड-19 के टीके की डोज सावधानीपूर्वक और तेज गति से पहुंचाई गयी। एक दिन पहले ही, मंगलवार को ऑक्सफोर्ड-एस्ट्राजेनेका के कोविशील्ड टीके की पहली खेप पुणे के सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एसआईआई) विनिर्माण केंद्र से रवाना की गई थी।
एसआईआई ने कोविशील्ड की करीब 56 लाख डोज भेजी है, वहीं हैदराबाद स्थित भारत बायोटेक ने कहा कि उसने भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान संस्थान (आईसीएमआर) और राष्ट्रीय विषाणुविज्ञान संस्थान के सहयोग से स्वेदश विकसित टीके कोवैक्सीन को 11 शहरों में भेजा है। उसने केंद्र को 16.5 लाख डोज दान में देने की बात कही है।
भारत बायोटेक ने बुधवार को एक बयान में कहा कि सरकार से 55 लाख डोज के लिए खरीद का आर्डर प्राप्त होने के बाद, कंपनी ने टीके की प्रथम खेप (प्रत्येक शीशी में 20 डोज है) रवाना की। भारत बायोटक ने कहा कि टीके की खेप गणवरम (आंध्र प्रदेश), गुवाहाटी, पटना, दिल्ली, कुरूक्षेत्र, बंगलूरू, पुणे, भुवनेश्वर, जयपुर, चेन्नई और लखनऊ भेजी गई।