केंद्रीय गृहमंत्रालय ने बुधवार को पंजाब के अमृतसर स्थित एक संगठन को विदेशों से फंड लेने की अनुमति दे दी ताकि वह गोल्डन टेंपल के श्रद्धालुओं को मुफ्त भोजन और अन्य सुविधाएं मुहैया करा सके।
सरकारी सूत्रों ने कहा कि सचखंड श्री हरमंदिर साहिब श्री दरबार साहिब पंजाब एसोसिएशन को विदेशी योगदान (विनियमन) अधिनियम 2010 के तहत पंजीकरण की मंजूरी दी गई है। एसोसिएशन का एफसीआरए पंजीकरण पांच साल की अवधि के लिए वैध होगा।
गोल्डन टेंपल में लंगर सेवा शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक समिति द्वारा संचालित की जाती है। सचखंड श्री हरमंदिर साहिब श्री दरबार साहिब पंजाब एसोसिएशन ने 27 मई को एफसीआरए पंजीकरण के लिए आवेदन किया था।
एसोसिएशन गोल्डन टेंपल के श्रद्धालुओं के लिए लंगर सेवाओं का संचालन करती है और गरीबों की मदद करती है। 1925 में बना संगठन अभी तक देश के अंदर ही लोगों से दान लेता था। एफसीआरए पंजीकरण की मंजूरी मिलने के बाद संगठन अब विदेशों से भी दान ले सकेगा।