गृहमंत्री राजनाथ सिंह दो दिनों के अपने जम्मू-कश्मीर दौरे पर हैं। यहां उन्होंने कश्मीर के भविष्य पर बातचीत करते हुए कई आश्वासन दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों के उमंग और उत्साह को देखने के बाद मैं यह कह सकता हूं कि जम्मू-कश्मीर के नौजवान सिर्फ घाटी की नहीं, बल्कि हिंदुस्तान की तकदीर को बदल सकते हैं। ये बातें राजनाथ सिंह ने स्पोर्ट्स काउंसिल ऑफ जम्मू कश्मीर के द्वारा आयोजित कार्यक्रम में कहीं।
उन्होंने स्पोर्ट्स के जवानों से कहा कि आप पर सिर्फ जम्मू-कश्मीर को नाज नहीं है, बल्कि पूरे देश को नाज है। उन्होंने आश्वासन देते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर सरकार और केंद्र सरकार की मदद से हम जम्मू-कश्मीर की तकदीर और तस्वीर बदल कर रहेंगे। घाटी में पत्थरबाजी की घटनाओं पर बोलते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि जहां तक बच्चों का प्रश्न है, बच्चे बच्चे होते हैं, बच्चों को कोई भी गुमराह कर सकता है। जो भी बच्चे पत्थरबाजी में गुमराह हुए हैं, उनके ऊपर केस को वापस ले लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि हम और हमारी सरकार चाहती है कि यहां के युवाओं को रोजगार मिले, इसके लिए सरकार कई सारी योजनाएं चला रही हैं। उन्होंने कहा कि कश्मीर के युवा भारत को बदल सकते हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि नाबालिग पत्थरबाजों पर से केस वापस ले लिया जाएगा।
राजनाथ सिंह ने कश्मीर के युवाओं से अपील करते हुए कहा कि तबाही और तरक्की में किसी एक का दामन पकड़ना हो तो, कभी तबाही का दामन मत पकड़ना। हमेशा तरक्की का दामन पकड़ना। क्योंकि आपकी तरक्की में ही आपका भविष्य निर्भर है और मुल्क की तरक्की निर्भर है। अब मुझे यकीन हो गया है कि यहां नए सूरज को उगने से कोई नहीं रोक सकता।