केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दो जनवरी से अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के दौरे पर रहेंगे। वे संसदीय सलाहकार समिति की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इसी दौरान चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान भी अंडमान पहुंचेंगे।
केंद्र सरकार की नीतियों और आंतरिक सुरक्षा से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दो जनवरी को अंडमान और निकोबार द्वीप के दौरे पर पहुंचेंगे। इस दौरे को प्रशासनिक और रणनीतिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
विज्ञापन
अधिकारियों के अनुसार, गृह मंत्री दो जनवरी को अंडमान पहुंचेंगे और यहां कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। उनका यह दौरा संसदीय सलाहकार समिति की बैठक और कानूनी सुधारों से जुड़े कार्यक्रमों पर केंद्रित रहेगा।
दो जनवरी को आगमन
गृह मंत्री अमित शाह दो जनवरी को श्री विजयापुरम पहुंचेंगे। एयरपोर्ट पर उनका स्वागत उपराज्यपाल डीके जोशी करेंगे। उनके आगमन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
तीन जनवरी को संसदीय बैठक
तीन जनवरी को गृह मंत्री गृह मंत्रालय की संसदीय सलाहकार समिति की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। यह बैठक वांडूर में होगी, जहां गृह मंत्रालय से जुड़े अहम विषयों पर चर्चा की जाएगी।
कानूनी सुधारों पर कार्यक्रम
इसी दिन गृह मंत्री डॉ. बी आर आंबेडकर प्रौद्योगिकी संस्थान के सभागार में भारतीय न्याय संहिता से जुड़े एक कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में कानून व्यवस्था और न्याय प्रणाली पर विचार रखे जाएंगे।
चार जनवरी को वापसी
गृह मंत्री चार जनवरी को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह से रवाना होंगे। इससे पहले वे प्रशासनिक अधिकारियों से अनौपचारिक बातचीत भी कर सकते हैं।
सीडीएस का भी दौरा
इसी दौरान चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ अनिल चौहान भी दो जनवरी को अंडमान पहुंचेंगे। तीन जनवरी को वे कार निकोबार और अंडमान-निकोबार कमान का दौरा कर वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों से बातचीत करेंगे।