गृह मंत्री अमित शाह। फाइल फोटो
- फोटो : सोशल मीडिया
प्रवर्तन निदेशालय के निदेशक को लेकर सुप्रीम कोर्ट के फैसले को लेकर विपक्ष के हमलों पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि ईडी मामले पर माननीय सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर जश्न मनाने वाले लोग कई कारणों से भ्रमित हैं। सीवीसी अधिनियम में संशोधन जिसे संसद ने विधिवत पारित किया था, उसे बरकरार रखा गया है। ईडी की शक्तियां अब भी पहले की तरह ही बरकरार हैं, जिससे वह उन लोगों पर प्रहार जारी रखेगी, जो भ्रष्ट हैं और कानून का उल्लंघन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि ईडी एक ऐसी संस्था है जो किसी एक व्यक्ति पर निर्भर नहीं है। वह मनी लॉन्ड्रिंग के अपराधों और विदेशी मुद्रा कानूनों के उल्लंघन की जांच करने के अपने मुख्य उद्देश्य पर आधारित है। ऐसे में ईडी निदेशक कौन है? यह महत्वपूर्ण नहीं है, क्योंकि जो कोई भी इस भूमिका को ग्रहण करता है वह विकास विरोधी मानसिकता रखने वाले हकदार वंशवादियों के एक आरामदायक क्लब पर फोकस करेगा और उनके बड़े पैमाने पर जारी भ्रष्टाचार पर ध्यान देगा।
सुप्रीम कोर्ट से लगा झटका
अमित शाह का बयान सुप्रीम कोर्ट की ओर से ईडी चीफ संजय कुमार मिश्रा को तीसरा कार्यकाल विस्तार दिए जाने को अवैध ठहराये जाने के बाद आया। कोर्ट ने संजय कुमार मिश्रा का सेवाकाल 31 जुलाई तक सीमित कर दिया था। इससे पहले सरकार द्वारा जारी एक अधिसूचना के मुताबिक 1984 बैच के भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) अधिकारी का कार्यकाल 18 नवंबर 2023 तक निर्धारित था।
सीवीसी कानून में संशोधन वैध
कोर्ट ने ईडी और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के निदेशकों के कार्यकाल को अधिकतम पांच साल तक बढ़ाने के लिए केंद्रीय सतर्कता आयोग अधिनियम 2021 और दिल्ली विशेष पुलिस स्थापना (संशोधन) अधिनियम 2021 में संशोधन को उचित ठहराया। कोर्ट ने मौलिक (संशोधन) नियमावली, 2021 को भी सही माना।
गृह मंत्री शाह से मिले अमेरिकी राजदूत गार्सेटी
इससे पहले भारत में नियुक्त अमेरिकी राजदूत एरिक गार्सेटी ने मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से नॉर्थ ब्लॉक में उनके कार्यालय में मुलाकात की। उन्होंने इस दौरान आतंकवाद का मुकाबला करने, मादक पदार्थों की तस्करी रोकने और सुरक्षा क्षेत्र में दोनों देशों के बीच सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की। गार्सेटी, भारत में नियुक्त किए गए अमेरिका के 26वें राजदूत हैं। वह अप्रैल में भारत आए थे और 11 मई को राष्ट्रपति को अपना परिचय पत्र सौंपा था।
शाह के कार्यालय ने ट्वीट किया कि अमेरिकी राजदूत एरिक गार्सेटी की केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ मुलाकात के दौरान आतंकवाद का मुकाबला करने, मादक पदार्थों की तस्करी रोकने और सुरक्षा क्षेत्र में दोनों देशों के बीच सहयोग बढ़ाने पर सार्थक बातचीत हुई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हालिया अमेरिका यात्रा के सकारात्मक परिणामों पर आगे बढ़ने की प्रतिबद्धता दोहराई गई।