देश के 12 लाख
एचआईवी पीड़ित मरीजों को अब नि:शुल्क जांच सुविधा उपलब्ध होगी। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री
जेपी नड्डा ने सोमवार को वायरल लोड मशीन का उद्घाटन करते हुए कहा कि इस मशीन की मदद से मरीजों में दवाओं का असर, उनमें वायरस की स्थिति और बीमारी की समय पर पुष्टि हो सकेगी। एक निजी क्षेत्र की कंपनी के साथ एमओयू हस्ताक्षर करने के बाद उन्होंने हर राज्य में यह मशीन उपलब्ध कराने की घोषणा की है।
देश में एचआईवी और एड्स के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ी है। टीबी की भांति इस बीमारी से ग्रस्त मरीजों में भी दवाओं का असर देखने को मिलता है। कई मरीज बीच में ही उपचार छोड़ देते हैं तो कई को पहले चरण में ही बीमारी की पुष्टि नहीं हो पाती। इन्हीं परेशानियों को ध्यान में रखते हुए सरकार ने पूरे देश में एक साथ एचआईवी के खिलाफ अभियान की शुरुआत की है।