थाना क्षेत्र की बसंत विहार कॉलोनी के पार्क में एक चबूतरे पर स्थापित किए गए शिवलिंग तोड़े जाने से मंगलवार सुबह तनाव फैल गया। स्थानीय लोगों के साथ ही विहिप, आरएसएस और भाजपा कार्यकर्ता प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे, सीओ के साथ धक्का-मुक्की की गई। प्रशासनिक अफसरों ने आनन-फानन दूसरा शिवलिंग मंगाकर स्थापित कराया, तब जाकर लोग शांत हुए। कॉलोनी के पार्क में तकरीबन चार साल पहले चबूतरे पर शिवलिंग और नंदी की मूर्ति की स्थापना की गई थी।
रोज की तरह मंगलवार सुबह आरएसएस कार्यकर्ता शाखा लगाने पार्क में पहुंचे तो शिवलिंग और नंदी की खंडित मूर्ति और टूटा चबूतरा देख हतप्रभ रह गए। शिवलिंग तोड़े जाने की सूचना फैली तो मौके पर विहिप और भाजपा के नेताओं का जमघट लग गया। वहीं झूंसी पुलिस के साथ-साथ सीओ दारागंज भी मौके पर पहुंच गए। इस दौरान विहिप कार्यकर्ताओं और सीओ दारागंज के बीच तीखी झड़प भी हुई।
बाद में झूंसी पुलिस ने दूसरा शिवलिंग और नंदी की मूर्ति मंगाकर स्थापित कराया। पुलिस का कहना है कि देर रात में पार्क में पहुंचे सांडों के झुंड ने चबूतरा तोड़ दिया। इस दौरान शिवलिंग भी खंडित हो गया। कार्यवाहक थाना प्रभारी प्रमोद कुमार का कहना है कि पार्क के सामने स्थित मकान में लगे सीसी टीवी कैमरे की फुटेज में यह साफ दिख रहा है कि सांडों के झुंड ने शिवलिंग खंडित किया।