कांग्रेस के ऑफिशियल ट्विटर हैंडल से 12 सितंबर की सुबह एक ट्वीट किया गया, जिसमें राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (RSS) के प्रतीक रहे खाकी हाफ पैंट को जलते हुए दिखाया गया। इस संदेश में यह भी कहा गया कि भाजपा-आरएसएस के द्वारा पैदा की गई घृणा से हम मिलकर जीतेंगे। संभवतया ऐसा कर कांग्रेस अपनी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की सार्थकता सिद्ध करना चाहती है, जिसके माध्यम से वह समाज के सभी वर्गों को एक साथ जोड़ने का दावा कर रही है। लेकिन बड़ा प्रश्न यह है कि क्या आरएसएस पर हमला करना कांग्रेस के लिए लाभकारी सिद्ध होगा? जिस समय देश में हिंदुत्व की राजनीति का दौर चल रहा हो, उस समय आरएसएस पर हमला करना राजनीतिक तौर पर कितना सही कदम कहा जा सकता है?
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष मुदित अग्रवाल ने अमर उजाला से कहा कि भाजपा का अपना कोई विचार नहीं है। वह उन्हीं विचारों की राजनीतिक पौध है, जिसे आरएसएस सही समझता है। ऐसे में भाजपा पर हमला करना केवल किसी वृक्ष की शाखाओं को काटने जैसा है, जबकि यदि समस्या को समाप्त करना है, तो इसके लिए उसकी जड़ों पर प्रहार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आरएसएस पर हमला कर कांग्रेस उस विचारधारा की जड़ पर प्रहार कर रही है,, जिससे भाजपा संचालित होती है। उन्होंने संघ पर हमले को बिल्कुल सही दिशा में उठाया गया कदम बताया।
उन्होंने कहा कि संघ पर हमला करना हिंदुत्व पर हमला करना नहीं है। संघ हिंदू हितों की आवाज उठाने वाला कोई सर्वमान्य प्रतिनिधि संगठन नहीं है। ऐसे में उस पर हमला करना किसी भी तरह से हिंदू समुदाय पर हमला करना नहीं है। उन्होंने कहा कि संघ पर हमला कर इसी तरह की साजिश का पर्दाफाश करने की जरूरत है, जिसे इस समय गढ़ने की कोशिश की जा रही है।
आरएसएस के मुखपत्र मानी जाने वाली पत्रिका पांचजन्य के पूर्व संपादक तरुण विजय ने कहा कि कांग्रेस ने देश की आजादी के समय से ही संघ का विरोध किया। लेकिन संघ इस समय पूरी दुनिया में सबसे बड़ा अराजनीतिक संगठन बन चुका है। सांस्कृतिक मामलों में वह देश की दिशा तय करने की भूमिका में आ चुका है, जबकि कांग्रेस संघ का विरोध करते-करते अब अपनी समाप्ति की ओर बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस आज भी राजनीति के बदलते आयाम को न पहचानने की भूल कर रही है। जिस दौर में पूरा देश हिंदुत्व की विचारधारा से ओतप्रोत होकर दुनिया में सर्वश्रेष्ठ होने की ओर बढ़ रहा है, उस समय भी राहुल गांधी अपनी भारत जोड़ो यात्रा के दौरान ऐसे लोगों से मिल रहे हैं, जो हिंदू देवी शक्ति को अपमानित करने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी इसी सोच के कारण लगातार कमजोर होती जा रही है, लेकिन इसके बाद भी वह कुछ सीखने के लिए तैयार नहीं है।
भाजपा नेता जयराम विप्लव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस हमेशा से बंटवारे की राजनीति करती रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस आज भारत जोड़ो यात्रा कर रही है, जबकि देश के विभाजन के लिए वह ही जिम्मेदार है। यदि कांग्रेस नेता नहीं चाहते तो 1947 में देश का बंटवारा नहीं होता।