अखिल भारत हिंद महासभा और भारतीय हिंद फौज के सदस्य शुक्रवार को कनावनी स्थित ग्रीन पार्क फार्म में अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम की कार जलाए जाने की बरसी मनाएंगे। इसके साथ ही सभी हिंदू संगठनों को एकजुट कर दाऊद की संपत्ति खरीदने की घोषणा की जाएगी। इतना ही नहीं भारतीय हिंद फौज के बैनर तले उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव लड़ने की घोषणा भी करेंगे।
अखिल भारत हिंद महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजीव सक्सेना ने बताया कि अखिल भारतीय हिंदू महासभा ने पिछले वर्ष 23 दिसंबर को इंदिरापुरम स्थित कनावनी में दाऊद की कार नीलामी में खरीदकर आग के हवाले कर दी थी। उसके बाद अखिल भारतीय हिंदू महासभा दो गुटों में बंट गई और अखिल भारत हिंद महासभा का गठन हुआ।
उन्होंने कहा कि शुक्रवार को दाऊद इब्राहिम की कार जलाए जाने की बरसी मनाई जाएगी और उसकी बची हुई प्रापर्टी खरीदने की घोषणा भी करेंगे। इस बार सभी हिंदू संगठन एक साथ भारतीय हिंद फौज के बैनर तले प्रापर्टी खरीदेंगे। इस प्रापर्टी को सामाजिक सरोकार के काम में लगाएंगे। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव लड़ने का भी निर्णय लिया गया है।