अक्सर लोग काम की तलाश की में एक शहर से दूसरे शहर जाते हैं। अपना घर छोड़ बड़े शहरों में जाना मुश्किल तो होता है लेकिन जब काम के बदले एक अच्छी सैलरी मिले तो इसमें कोई परेशानी भी नहीं है। सैलरी को लेकर ऐसा ही एक अध्ययन किया है लिंक्डइन ने। इस अध्ययन में पता चला है कि भारत में बंगलूरू एक ऐसा शहर है जहां काम करने वाले कर्मचारियों को सबसे अधिक सैलरी मिलती है।
यहां कर्मचारियों को सालाना 11,67,337 रुपये सैलरी के तौर पर दिए जाते हैं। सूची में दूसरे स्थान पर है मुंबई, यहां 9,03,929 रुपये सैलरी दी जाती है। इसके बाद दिल्ली एनसीआर का नाम आता है, जहां सालाना 8,99,486 रुपये की सैलरी दी जाती है। चौथे नंबर पर है हैदराबाद, जहां 8,45,574 रुपये सैलरी दी जाती है और पांचवें नंबर पर है चेन्नई, जहां 6,30,920 रुपये सैलरी दी जाती है।
अध्ययन के अनुसार हार्डवेयर और नेटवर्किंग की नौकरी में 15 लाख रुपये तक की सालाना सैलरी दी जाती है। सॉफ्टवेयर की नौकरी में 12 लाख रुपये जबकि कंस्यूमर की नैकरी में सालाना औसतन 9 लाख रुपये तक की सैलरी दी जाती है।
विशेषज्ञों का कहना है कि वैसे तो हार्डवेयर की नौकरी में ज्यादा पैसे नहीं मिलते लेकिन उनमें चिप डिजाइन करने और न्यू एज नेटवर्किंग में अच्छा पैसा मिलता है।
अध्ययन के अनुसार सबसे ज्यादा सैलरी देने वाली इंडस्ट्री हार्डवेयर एवं नेटवर्किंग, सॉफ्टवेयर एवं आईटी और कंस्यूमर हैं। इनके बाद स्वास्थ्य देखभाल, फाइनेंस, कॉरपोरेट सर्विस, निर्माण, विनिर्माण, रियल एस्टेट और आखिर में मीडिया और जनसंचार का नाम आता है।