भारत पाकिस्तान के बीच तनाव का दुनिया की अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर बड़ा असर पड़ा है। बुधवार सुबह भारत और पाकिस्तान की ओर से हुई कार्रवाइयों के बाद अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस ने भारत और पाकिस्तान की वायु सीमा(एयरस्पेस) से आवाजाही से परहेज किया है। सूत्रों के हवाले से यह भी खबर है कि कई एयरलाइंस ने अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का रूट डायवर्ट कर दिया है तो वहीं कई विमानों को वापस बुला लिया है।
इधर, भारत ने जम्मू, श्रीनगर, लेह, अमृतसर समेत अपने कई एयरपोर्ट से सिविल और व्यवसायिक उड़ाने रद्द कर दी है। वहीं, दूसरी ओर पाकिस्तान ने लाहौर, इस्लामाबाद, मुल्तान, फैसलाबाद, सियालकोट से उड़ाने रद्द कर दी है। श्रीनगर में भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण(एएआई) के एक अधिकारी ने बताया कि आपात स्थिति को ध्यान में रखते हुए व्यावसायिक विमानों की आवाजाही को अस्थाई तौर पर निलंबित कर दिया गया है।
भारत के इन एयरपोर्ट को किया गया बंद
जम्मू
श्रीनगर
लेह
अमृतसर
चंडीगढ़
पठानकोट
कुल्लू
धर्मशाला
शिमला
पाकिस्तान के इन हवाई अड्डों से उड़ानें रद्द
लाहौर
मुल्तान
इस्लामाबाद
सियालकोट
फैसलाबाद
वापस बुलाई गईं विमानें, एयरपोर्ट पर हाई अलर्ट
जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले में भारतीय वायुसेना के एक विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के फौरन बाद बुधवार को श्रीनगर, जम्मू एवं लेह हवाईअड्डों समेत पांच हवाईअड्डों पर व्यावसायिक विमानों की आवाजाही बंद कर दी गई। अधिकारियों ने बताया कि भारतीय वायुसेना के पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर हमला करने के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़े तनाव को देखते हुए इन हवाईअड्डों को बंद किया गया है।
अधिकारियों के मुताबिक चंडीगढ़ और अमृतसर के हवाईअड्डों को भी बंद कर दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि उन्हें हवाई यातायात कंट्रोलरों से निर्देश मिले हैं कि हवाईअड्डों को व्यावसायिक उड़ानों के लिए बंद कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि जम्मू, लेह और श्रीनगर हवाईअड्डों की तरफ जा रहे कुछ विमानों को वापस उन हवाईअड्डों पर भेज दिया गया है जहां से उन्होंने उड़ान भरी थी। नियंत्रण रेखा के दोनों तरफ से गोलाबारी बढ़ जाने से सुरक्षाबलों और अन्य प्रतिष्ठानों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।