खुफिया एजेंसियों के आतंकी हमले की आशंका के इनपुट पर पूर्वांचल के कई जिलों में बुधवार को तलाशी अभियान चलाया गया। वाराणसी में आई जोन खुद निरीक्षण पर निकल आए तो जौनपुर में अभियान की मानिटरिंग एसपी ने खुद की।
बुधवार को वाराणसी में कचहरी परिसर, रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों, प्रमुख मंदिरों, घाटों सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों पर सघन तलाशी हुई। आईजी जोन एसके भगत बुधवार की सुबह अचानक कचहरी पहुंच गए। एसएसपी आकाश कुलहरि के साथ उन्होंने परिसर में भ्रमण किया और प्रवेश द्वार पर लगे डोर मेटल डिटेक्टरों को देखा।
आननफानन में खराब डोर और हैंड मेटल डिटेक्टरों को बदला गया। एसएसपी ने बंदियों हवालात में अनावश्यक सामानों को देख उसे तत्काल हटाने को कहा। पुलिस, बम निरोधक दस्ते और एलआईयू ने विश्वनाथ मंदिर, संकटमोचन, दुर्गा मंदिर सहित शहर के अन्य प्रमुख मंदिरों और घाटों पर तलाशी अभियान चलाया। बांग्लादेशी रिक्शा चालकों से एलआईयू ने पूछताछ की।