देश में बने राष्ट्रवाद के माहौल के बीच यूपी के सियासी जंग को फतह करने के लिए भाजपा ने अपनी परिवर्तन यात्रा की तिथि का ऐलान कर दिया है। पांच नवंबर को बलिया, ललितपुर, सहारनपुर और सोनभद्र से शुरू होने वाली परिवर्तन यात्रा के जरिए पार्टी के वरिष्ठ नेता यूपी का माहौल भगवामय बनाएंगे। कांग्रेस मुक्त भारत का नारा लोकसभा चुनाव में सफल होने के बाद पार्टी नेता अब सपा-बसपा मुक्त यूपी के लिए सूबे की जनता का आशीर्वाद मांगेंगे।
परिवर्तन यात्रा की शुरुआत भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, गृह मंत्री राजनाथ सिंह, कलराज मिश्र और उमा भारती के जरिए कराने का ऐलान कर पार्टी ने सूबे के सामाजिक समीकरणों का पूरा ध्यान रखा है। अपने पुष्ट स्वर्ण वोटरों के साथ पार्टी ने ओबीसी मतों को साधे रखने पर ध्यान केंद्रित किया है। पार्टी की परिवर्तन यात्रा का समापन 31 दिसंबर को लखनऊ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली के जरिए होगा।