भाजपा सांसद हेमा मालिनी ने सोमवार को लोकसभा की बहस में हिस्सा लेते हुए सभी धर्मों के पवित्र स्थलों विकास के लिए तीर्थ विकास मंत्रालय बनाने की मांग की। सांसद ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि सरकार इस दिशा में जल्द ही कदम उठाएगी।
कान्हा की नगरी में ज्वैलरी पार्क स्थापित करने का मुद्दा सोमवार को संसद में गूंजा। सांसद हेमामालिनी ने संसद में कहा कि मथुरा में सोने-चांदी का बड़ा कारोबार है, जिसे एक छत के नीचे पहुंचाने के लिए ज्वैलरी पार्क की स्थापना मुंबई और कोलकाता की तर्ज पर की जाए।
इसके साथ ही इंपोर्ट ड्यूटी कम करके बुलियन कारोबारियों को राहत दी जाए। सांसद ने कहा कि इस कारोबार पर मेक इन इंडिया के तहत काम होना चाहिए, जिससे चांदी की हस्तकला को भी मजबूती मिल सके। वहीं, उन्होंने तीर्थ विकास मंत्रालय भी बनाए जाने की मांग की।