भारी विरोध के बीच आज अलीगढ़ विश्वविद्यालय में होने वाले दीक्षांत समारोह राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद शिरकत करेंगे। राष्ट्रपति वहां अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) के दीक्षांत समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करेंगे। इसके बाद वे राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह की पोती पूर्णिमा की शादी में शामिल होने के लिए मस्कट फार्म हाउस पहुंचेंगे। राष्ट्रपति दौरे के मद्देनजर अलीगढ़ में जबरदस्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पांच हजार से अधिक पुलिस फोर्स तैनात की गई है।
बुधवार को होने वाले दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद अमित शाह सहित कई प्रदेशों के राज्यपाल और सीएम, केंद्र सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार के कई मंत्री आज अलीगढ़ में होंगे।
आईबी के मुताबिक राष्ट्रपति सहित केंद्र और प्रदेश में सत्तारूढ़ भाजपा के कई दिग्गज नेताओं को सिमी और इंडियन मुजाहिद्दीन के आतंकियों से खतरा है। इसमें राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह भी शामिल हैं। ऐसे में एनआईए, रॉ, इंडियन मिलेट्री इंटेलीजेंस और आईबी सहित सभी प्रमुख खुफिया एजेंसियों के अधिकारियों ने अलीगढ़ में डेरा डाल दिया है।