देशभर में कई राज्य इस समय भारी बारिश और बाढ़ की चपेट में हैं। महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश और राजस्थान समेत देश के कई राज्यों में बारिश थमने का नाम नहीं ले रही है। वहीं, मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड समेत देश के 13 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने कहा है कि उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, पश्चिमी मध्यप्रदेश, पूर्वी राजस्थान, तटीय आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पुड्डुचेरी, मेघालय, असम, सिक्किम, अंडमान-निकोबार और गुजरात में अलग-अलग स्थानों पर अगले 24 घंटे में भारी से भारी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने कहा है कि ये बारिश 15 से 17 सितंबर तक होने के आसार हैं। पश्चिमी मध्यप्रदेश और आसपास के क्षेत्र में बारिश 16 सितंबर से कम होने की संभावना है।
भोपाल में फ्लाइट हुई डाइवर्ट
कम दृश्यता के कारण भोपाल के राजा भोज हवाई अड्डे से तीन घंटों तक विमानों का परिचालन नहीं हो सका। वहीं हज यात्रियों की फ्लाइट को डाइवर्ट कर नागपुर ले जाया गया।