राजस्थान के राजस्थान के चुरू में शनिवार को अधिकतम तापमान 51 डिग्री तक पहुंच गया। वहीं, श्रीगंगानगर में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 49.6 डिग्री सेल्सियस था, जो 75 सालों में सर्वाधिक रहा। इससे पहले, 30 मई 1944 को श्रीगंगानगर में 49.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया था। मौसम विभाग ने जयपुर समेत ज्यादातर जिलों में अगले पांच दिनों तक लू और धूल भरी आंधी चलने की चेतावनी जारी की है।
तेलंगाना में अब तक 17 की मौत
तेलंगाना में लू और भीषण गर्मी से बीते 22 दिनों में अब तक 17 लोगों की जान जा चुकी है। इसी तरह पड़ोसी राज्य आंध्र प्रदेश में तीन लोगों की मौत लू लगने से हुई है। इसके अलावा 433 लोगों के बीमार हुए हैं। मौसम विभाग ने दोनों राज्यों में अगले तीन दिनों तक तेज लू चलने की चेतावनी और लोगों को धूप में निकलने से बचने की सलाह दी है। इसी तरह, महाराष्ट्र में भी अब तक 8 लोगों की जान जा चुकी है।
दो दिन बाद राहत के आसार: मौसम विभाग
मौसम विभाग ने 4 जून के बाद गर्मी और लू से राहत मिलने की उम्मीद जताई है। विभाग का कहना है कि राजधानी दिल्ली में तीन जून तक तापमान 44-45 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा। उसके बाद 4 जून की रात से आंधी और हल्की बारिश हो सकती है। आंचलिक मौसम केंद्र के निदेशक जेपी गुप्ता ने शनिवार को बताया कि यूपी के पूर्वी हिस्से में अगले एक दो दिनों में तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। हिमाचल में भी तीन से पांच जून के बीच आंधी और बारिश के आसार हैं। हालांकि जम्मू, शिमला, कुल्लू और मंडी में देर शाम बारिश और ओलावृष्टि होने से लोगों को थोड़ी राहत मिली।