पेप्सिको ने भारत में बिकने वाले लेज चिप्स में पाम तेल एवं पामोलीन की जगह सूरजमुखी और पामोलीन के मिक्सचर का ट्रायल शुरू कर दिया है। कंपनी ने यह फैसला भारत में पैकेज्ड फूड में अस्वास्थकर मानी जानी वाले सस्ती सामग्री के इस्तेमाल पर आलोचना के बाद लिया है। पेप्सिको फिलहाल भारत में लेज ब्रांड नाम से बिकने वाली चिप्स में पाम तेल और पामोलीन के मिक्सचर का इस्तेमाल करती है।
आलोचना के बाद पेप्सिको इंडिया के प्रवक्ता ने कहा, हमने लेज चिप्स में पाम तेल और पामोलीन की जगह सूरजमुखी एवं पामोलीन के मिक्सचर के इस्तेमाल का ट्रायल एक साल पहले शुरू कर दिया है। आने वाले समय में भारत में भी सूरजमुखी एवं पामोलीन के मिक्सचर में पकाए चिप्स का ही इस्तेमाल होगा। साथ ही कहा, हम भारत में अपने स्नैक्स में नमक की मात्रा को 1.3 मिलीग्राम सोडियम प्रति कैलोरी से भी कम करने पर काम कर रहे हैं।
अमेरिका में सूरजमुखी और कैनोला तेल का इस्तेमाल...
रिपोर्ट के मुताबिक, प्रमुख स्नैक्स एवं पेय पदार्थ निर्माता पेप्सिको अमेरिका में अपने लेज चिप्स के लिए सूरजमुखी, मक्का और कैनोला तेल का इस्तेमाल करती है। कंपनी अपने अमेरिकी वेबसाइट पर यह दावा करती है कि हमारे चिप्स ऐसे तेलों में पकाए जाते हैं, जो हार्ट के लिए अच्छे हैं।