भारत सरकार ने राज्यों की दवा नियामक व्यवस्था को पारदर्शी और मजबूत बनाने के लिए SHRESTH इंडेक्स लॉन्च किया है। यह पहली बार राज्यों की दवा नियंत्रण प्रणाली का डाटा आधारित मूल्यांकन करेगा। स्वास्थ्य सचिव पुण्य सलीला श्रीवास्तव ने कहा कि नागरिकों की सेहत के लिए दवाओं की गुणवत्ता सर्वोपरि है।
भारत में दवा नियामक व्यवस्था को और मजबूत और पारदर्शी बनाने के लिए भारत सरकार के केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने नए और अहम पहल की शुरुआत की है। इसका नाम राज्य स्वास्थ्य नियामक उत्कृष्टता सूचकांक (SHRESTH) है। यह देश में पहली बार किसी तरह की रैंकिंग प्रणाली है जो राज्यों की दवा नियंत्रण प्रणाली का मूल्यांकन करेगी। यह इंडेक्स मंगलवार को केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव पुण्य सलीला श्रीवास्तव द्वारा वर्चुअल तरीके से लॉन्च किया गया। इस मौके पर भारत के ड्रग कंट्रोलर जनरल डॉ राजीव सिंह रघुवंशी भी मौजूद थे।
राज्यों को महीने के इस तारीख को भेजना होगा डाटा
गौरतलब है कि रैंकिंग की प्रक्रिया के तहत हर राज्य को प्रत्येक माह की 25 तारीख तक अपना डेटा केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) को भेजना होगा। इसके बाद, अगले महीने की पहली तारीख को उस डेटा का मूल्यांकन कर सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के साथ परिणाम साझा किए जाएंगे।