देश में कोरोना वायरस के हालात को लेकर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने शनिवार को संवाददाता सम्मेलन करते हुए बताया कि देश में कल से लेकर आज तक कोरोना वायरस के 601 नए मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने बताया कि इस जानलेवा वायरस से अब तक 2902 लोग संक्रमित हो चुके है और 68 लोगों की मौत हुई है।
सचिव ने बताया कि कल से अब तक 12 लोगों की इस जानलेवा वायरस से मौत हुई है। वही 212 लोग ठीक/डिस्चार्ज हुए है। उन्होंने बताया कि कोविड-19 के 58 मरीजों की हालत नाजुक है और वे केरल, मध्यप्रदेश और दिल्ली है।
42 फीसदी रोगियों की उम्र 21 से 40 के बीच
स्वास्थ्य सचिव ने बताया कि इस वायरस से संक्रमित नौ फीसदी मरीजों की उम्र 0-20 है, 42 फीसदी रोगी 21-40 वर्ष की आयु के हैं, 33 फीसदी मामले 41-60 वर्ष की आयु के रोगियों के हैं, और 17 फीसदी रोगी 60 वर्ष की आयु पार कर चुके हैं।
देश के 30 फीसदी मामले तब्लीगी जमात से जुड़े
सचिव ने बताया कि अब तक हमने 17 राज्यों से तब्लीगी जमात से संबंधित मामलों का पता लगाया है, 1023 कोरोना मामले इस घटना से जुड़े पाए गए हैं। देश में कुल मामलों में से, लगभग 30 फीसदी एक विशेष स्थान से जुड़े हुए हैं।
अन्य देशों की तुलना में भारत में कोविड-19 मामलों में वृद्धि की दर कम है
अग्रवाल ने बताया कि अन्य देशों की तुलना में भारत में कोविड-19 मामलों में वृद्धि की दर कम है। उन्होंने कहा कि हमें घबराने की जरूरत नहीं है बल्कि कोरोना से लड़ने के लिए जागरूकता फैलाने की जरूरत है। हम कोविड-19 की जांच की क्षमता को बढ़ा रहे हैं।
22000 तब्लीगी जमात से जुड़े लोगों को पृथक किया गया
इस संवाददाता सम्मेलन में गृह मंत्रालय की तरफ से संयुक्त सचिव पुण्य सलिला श्रीवास्तव शामिल हुई। उन्होंने बताया कि बड़े पैमाने पर किए गए प्रयास के बाद लगभग 22,000 तब्लीगी जमात के कार्यकर्ताओं और उनके संपर्क में आए लोगों को पृथक किया गया है।