कैबिनेट सचिव राजीव गौबा ने मंगलवार को राज्यों के शीर्ष अधिकारियों के साथ कोविड-19 के टीकों के उपलब्ध होने के बाद इसे लोगों को दिए जाने के बंदोबस्त की समीक्षा की तथा उनसे स्वास्थ्यकर्मियों आदि का डेटाबेस तैयार करने को कहा जिन्हें प्राथमिकता के साथ टीका लगाया जाएगा।
बैठक में राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों, स्वास्थ्य सचिवों तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। एक सरकारी अधिकारी ने कहा कि कैबिनेट सचिव ने कोविड-19 रोधी टीके का उपयोग शुरू करने के इंतजाम की समीक्षा की और राज्यों तथा केंद्रशासित प्रदेशों से उन प्राथमिकता वाले समूह का डेटाबेस तैयार करने को कहा जिन्हें प्रारंभिक चरण में टीका लगाया जाएगा।
कोविड-19 जांच की दर तय करने के लिए राज्यों से विशेष समूहों का गठन करने को कहा
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि उसने बाजार के अध्ययन और कोविड-19 जांच की दर तय करने के लिए राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को विशेषज्ञ समूहों का गठन करने को कहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने संवाददाता सम्मेलन में एक सवाल के जवाब में कहा कि जांच की कीमत पर फैसला करना केंद्र के दायरे में नहीं है और यह राज्य का विषय है।