कोरोना टीकाकरण का आज पांचवा दिन है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार 16 जनवरी से बुधवार शाम 6 बजे तक देश में कुल 7,86,842 लोगों को टीका लगाया जा चुका है। वहीं बुधवार की बात करें तो देश के कुल 20 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों में शाम छह बजे तक 1,12,007 लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि अबतक गंभीर दुष्प्रभाव के एक भी मामले सामने नहीं आए हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार टीकाकरण के बाद चार लोगों की मौत हो गई लेकिन इसकी वजह टीकाकरण नहीं थी। इन सभी की मौत हृदय संबंधी समस्याओं के कारण हुईं हैं।
19 जनवरी को 1.77 लाख स्वास्थ्यकर्मियों को लगे टीके
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश के विभिन्न राज्यों में कुल 3,800 सत्रों में 19 जनवरी को 1,77,368 स्वास्थ्यकर्मियों को टीके लगाए गए।
18 जनवरी को लगे 1,48,266 लोगों को टीके
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार 18 जनवरी को 148266 लोगों को टीके लगे थे और इस दौरान 7 लोगों को अस्पताल में भर्ती करवाना पड़ा था।
17 जनवरी को 17,072 लाभार्थियों का टीकाकरण
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार रविवार को केवल छह राज्यों ने कोरोना वायरस टीकाकरण अभियान चलाया और कुल 17,072 लाभार्थियों को टीका लगाया गया।
16 जनवरी को 2,07,229 लोगों का टीकाकरण
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार शनिवार को 2,07,229 लोगों को वैक्सीन लगाने के बाद भारत एक दिन में सबसे अधिक टीकाकरण करने के मामले में पूरे विश्व में सबसे आगे हो गया है। इस अभियान में अमेरिका, ब्रिटेन और फ्रांस जैसे देश भी भारत से पीछे हो गए।
बता दें कि टीकाकरण अभियान शुरू होने के पहले दिन यानि शनिवार को स्वास्थ्यकर्मियों के साथ-साथ एम्स दिल्ली के निदेशक रणदीप गुलेरिया, नीति आयोग के सदस्य वीके पॉल, बीजेपी सांसद महेश शर्मा और पश्चिम बंगाल के मंत्री निर्मल माजी ने भी कोरोना वैक्सीन की खुराक ली।
बता दें कि भारत में टीकाकरण के लिए सीरम इंस्टिट्यूट ऑफ इंडिया के जरिए निर्मित ‘कोविशील्ड’ के साथ ही भारत बायोटेक की ओर से विकसित स्वदेशी ‘कोवैक्सीन’ टीके के आपात इस्तेमाल की मंजूरी दी थी। हालांकि भारत बायोटेक की वैक्सीन को लेकर विवाद भी हुआ था।