वरिष्ठ खेल प्रशासक शंत कुमार ने शनिवार को राहत की सांस ली, क्योंकि कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (केएससीए) अध्यक्ष पद के लिए उनके नामांकन को हाईकोर्ट ने वैध घोषित कर दिया है। इससे पहले चुनाव अधिकारी ने उनकी नामांकन फॉर्म खारिज कर दिया था, जिसे कोर्ट ने अब रद्द कर दिया है।
कर्नाटक हाईकोर्ट के इस फैसले का मतलब है कि भारत के पूर्व तेज गेंदबाज वेंकटेश प्रसाद का अब सात दिसंबर को होने वाले चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए कुमार से मुकाबला होगा।
ये भी पढ़ें:
आंध्र प्रदेश में बड़ा हादसा, दो कारों की आमने-सामने की टक्कर में दो बच्चों समेत पांच की मौत
शंत कुमार ने पीटीआई से बातचीत में कहा कि यह फैसला उनके लिए बहुत राहत भरा है। उन्होंने कहा कि कोर्ट ने उनकी पात्रता मान ली है और अब वह चुनाव की तैयारी कर रहे हैं। वह पिछले तीन दशकों में कई खेल संगठनों में अहम भूमिका निभा चुके हैं। कुमार 'द प्रिंटर्स (मैसूर) प्राइवेट लिमिटेड' के निदेशक हैं और कर्नाटक ओलंपिक संघ तथा कर्नाटक बैडमिंटन संघ के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं।
वह बंगलूरू रेस कोर्स के प्रभारी भी रह चुके हैं और भारतीय गोल्फ संघ की परिषद में सदस्य भी रहे हैं। इसके अलावा, वह 2002 में दक्षिण कोरिया के बुसान में हुए एशियाई खेलों में भारतीय गोल्फ टीम के नॉन-प्लेइंग कप्तान थे। आज के आदेश में हाईकोर्ट ने यह भी कहा कि केएससीए चुनाव अधिकारी को अध्यक्ष पद के लिए उम्मीदवारों की सूची प्रकाशित करनी चाहिए।
ये भी पढ़ें:
राज ठाकरे ने साधु ग्राम के लिए पेड़ों की कटाई का किया विरोध; कहा- सरकार आगे न बढ़ने दे विवाद
जस्टिस सुराज गोविंदराज ने चुनाव अधिकारी के 24 नवंबर के आदेश को रद्द करते हुए कहा कि आगे की चुनाव प्रक्रिया हाईकोर्ट की ओर से पहले से तय कैलेंडर के अनुसार ही चलेगी। क्या शंत कुमार को नया नामांकन दाखिल करना पड़ेगा? इस सवाल पर उन्होंने कहा कि उनका मौजूदा नामांकन फॉर्म ही मान्य रहेगा, क्योंकि कोर्ट ने चुनाव अधिकारी का वह आदेश ही रद्द कर दिया है जिसमें उनका नामांकन खारिज किया गया था। इसलिए उनका नामांकन अब सही माना जाएगा।
प्रसाद और शंत कुमार के अलावा अन्य प्रमुख उम्मीदवारों में पूर्व क्रिकेटर सुजीत सोमसुंदर (उपाध्यक्ष, सचिव) और अविनाश वैद्य (संयुक्त सचिव और प्रबंध समिति सदस्य) शामिल हैं। प्रसाद और शंत कुमार दोनों के पैनल ने वादा किया है कि वे एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में जल्द ही उच्च स्तर के क्रिकेट की वापसी करेंगे।