नोएडा के एडीसीपी रणविजय सिंह ने कहा, 'हमने उन्हें (राहुल-प्रियंका) यहां रोका है। महामारी अधिनियम का उल्लंघन किया जा रहा है। हम उन्हें आगे बढ़ने की अनुमति नहीं देंगे।'
राहुल और प्रियंका गांधी को उत्तर प्रदेश पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। इसपर राहुल ने पुलिस से पूछा कि बता दीजिए कौन सा कानून तोड़ा है। हम पैदल जाना चाहते हैं। मुझे किस धारा के तहत हिरासत में लिया गया है।
हाथरस जा रहे राहुल और प्रियंका को रोकने की कोशिश की जा रही है। ऐसे में पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई।
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, 'जब तक सरकार को झकझोरा और जगाया नहीं जाएगा तब तक वह महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कुछ नहीं करेगी। घटना (हाथरस सामूहिक बलात्कार) बहुत अन्यायपूर्ण थी और उसके बाद सरकार ने शव के अंतिम संस्कार में जो किया वह तो और भी बड़ा अपमान था।'
प्रियंका गांधी ने कहा कि मेरी भी बेटी है। इसलिए एक मां होने के नाते उन्हें ऐसी घटनाओं पर बहुत गुस्सा आता है। प्रियंका ने कहा, 'मेरी 18 साल की बेटी है। मैं महिला हूं। गुस्सा चढ़ता है। आपकी बेटी होती... आप धर्म के रखवाले कहते हैं अपने आप को। कहते हैं हम हिंदू धर्म के रखवाले हैं। हमारे धर्म में कहां लिखा है कि एक पिता को अपनी बेटी की चिता को जलाने से रोक सकते हैं।'
यमुना एक्सप्रेसवे पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी यूपी पुलिस पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा, 'अभी-अभी पुलिस ने मुझे धक्का दिया, मुझ पर लाठीचार्ज किया गया और मुझे जमीन पर फेंक दिया। मैं पूछना चाहता हूं कि क्या केवल मोदी जी इस देश में चल सकते हैं? एक सामान्य व्यक्ति नहीं चल सकता है? हमारे वाहन को रोक दिया गया, इसलिए हमने चलना शुरू किया।'
राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक को पत्र लिखा है। इसमें उन्होंने कहा है कि आधी रात को सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। परिवार की अनुपस्थिति में पीड़िता के शव का दाह-संस्कार करने पर स्पष्टीकरण मांगा गया है। एनसीडब्ल्यू ने प्रशासन से जवाब देने को कहा है।
समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने हाथरस दुष्कर्म पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग को लेकर हाथरस में धरना प्रदर्शन किया।
मुरादाबाद में स्वच्छताकर्मी शहर के सिविल लाइंस इलाके में प्रदर्शन कर रहे हैं। वे हाथरस में सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता के लिए न्याय मांग रहे हैं।
राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के हाथरस जाने पर भाजपा सांसद रवि किशन ने पूछा कि वे राजस्थान क्यों नहीं जा रहे हैं। वहां उनकी सरकार में भी दुष्कर्म हो रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस पर ओछी राजनीति करने का आरोप लगाया है।
हाथरस जाते समय प्रियंका गांधी ने कहा कि यूपी में महिलाओं के खिलाफ अत्याचार बढ़ते जा रहे हैं। योगी आदित्यनाथ को महिलाओं की जिम्मेदारी लेनी होगी। राहुल और प्रियंका पीड़िता के परिवार से मिलने के लिए जा रहे हैं।
राहुल-प्रियंका को एक्सप्रेसवे पर रोका
उत्तर प्रदेश पुलिस ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा को यमुना एक्सप्रेसवे पर रोक दिया है। उन्हें आगे जाने की अनुमति नहीं दी गई है।