महाराष्ट्र-हरियाणा विधानसभा चुनाव नतीजों ने भारतीय जनता पार्टी को बहुत ज्यादा सुकून नहीं पहुंचाया है। दोनों जगह भाजपा को पिछली बार के मुकाबले कम सीटें मिली हैं। चुनाव परिणामों पर पीएम नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने दोनों राज्यों की जनता का आभार जताया है।
पीएम मोदी सहित भाजपा के तमाम नेता भाजपा मुख्यालय में जुटे। यहां पीएम मोदी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। सबसे पहले अमित शाह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया इसके बाद पीएम मोदी कार्यकर्ताओं से रूबरू हुए।
पीएम मोदी का संबोधन
-दिवाली से पहले ही महाराष्ट्र और हरियाणा की जनता ने भाजपा के प्रति जो भरोसा जताया है, जो आशीर्वाद दिया है इसके लिए उनका अंतकरण से अभिनंदन करता हूं।
-पांच साल के काम पर जनता ने भरोसा जताया। दोनों राज्यों के सीएम ने अच्छा काम किया। दोबारा जनता का आशीर्वाद प्राप्त करना बहुत बड़ी बात है।
-महाराष्ट्र में हमें गत चुनाव में पूर्ण बहुमत नहीं मिला था, हरियाणा में सिर्फ दो सीटों का बहुमत था, इसके बावजूद भी दोनों मुख्यमंत्रियों ने सबको साथ लेकर दोनों राज्यों की जो सेवा की और अविरत कार्य करते रहे, ये उसी का परिणाम है कि उनपर जनता ने दोबारा अपना विश्वास जताया है।
-हमें हरियाणा में इस बार तीन फीसदी ज्यादा वोट मिला।
-हरियाणा अपने आप में एक अभूतपूर्व विजय है क्योंकि इन दिनों एक सरकार पांच वर्ष का कार्यकाल पूरा करके दोबारा जीतने की घटनाएं बहुत कम होती हैं और ऐसे वातावरण में दोबारा सबसे बड़े दल के रूप में विश्वास और आशीर्वाद प्राप्त करके आना बहुत बड़ी बात है।
-एक समय था कि हमें गठबंधन में कभी पांच तो कभी 10 सीटों पर चुनाव लड़ना पड़ता था। अगर 10 सीटें आ जाएं तो ये हमारा बहुत बड़ा सौभाग्य हुआ करता था। 2011 तक हमारी यही स्थिति हुआ करती थी।
-मुख्यमंत्री नया, टीम भी नई, उसके बाद भी पांच साल बाद दोबारा आना, हरियाणा की टीम को जितनी बधाई दें उतना कम है।