हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर बुधवार को दिल्ली में कांग्रेस केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक होगी। इस बैठक में हरियाणा चुनाव पर चर्चा होगी।
बता दें कि हरियाणा चुनाव के लिए भाजपा और कांग्रेस ने कमर कस ली है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा एक साथ चुनावी समर में कूदने का एलान करेंगे। सीएम खट्टर ने इसके लिए मां काली के भक्तों के लिए मशहूर धरती कालका को चुना है तो हरियाणा की राजनीति में जाटलैंड के गढ़ रोहतक को हुड्डा ने चुनावी उद्घोष के लिए चुना है।
18 अगस्त को मनोहर लाल कालका से गरजेंगे और पूर्व सीएम हुड्डा रोहतक से हुंकार भरेंगे। मुख्यमंत्री की रैली को सफल बनाने के लिए भाजपा ने यहां ताकत झोंक दी है। कालका विधायक लतिका शर्मा अपने विधानसभा क्षेत्र में इस कार्यक्रम को पूरी तरह से सफल बनाने में जुट गई हैं।
जन आशीर्वाद यात्रा के नाम से शुरू होने वाली इस रैली को लेकर मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार राजीव जैन ने भी क्षेत्र के वरिष्ठ नेताओं के साथ पूरे रूट का निरीक्षण किया और इस दौरान की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया।