वहीं स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव कुमार अग्रवाल ने कहा कि जिला स्तर पर चलाए जा रहे संक्रमण रोधी अभियान के कारण देश के 17 जिलों में बीते 28 दिनों से संक्रमण का एक भी केस नहीं मिला है। सोमवार को ऐसे जिलों की संख्या 16 थी। 25 अप्रैल के बाद इस सूची में पश्चिम बंगाल का कलिंगपोंग और केरल का वायनाड जिला जुड़ा है। वहीं, बिहार के लखीसराय में पॉजिटिव मरीज मिलने के बाद यह इस सूची से बाहर हो गया है।
अग्रवाल ने बताया, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने जैव प्रौद्योगिकी विभाग के 18 शोध संस्थानों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कोरोना का इलाज व टीका विकसित करने के लिए जारी शोध कार्यों की समीक्षा की। स्वास्थ्य मंत्री ने कोविड-19 की जांच के लिए स्वदेशी किट को जल्द विकसित करने की जरूरत पर जोर दिया।
गृहमंत्रालय की संयुक्त सचिव पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने बताया कि अहमदाबाद के साणंद औद्योगिक बेस में वाहन उद्योगों में फिर से कामकाज शुरू कर दिया गया है। 50 फीसदी की क्षमता के साथ वहां काम हो रहा है। केंद्र सरकार ने दो टीमें अहमदाबाद और सूरत भेजा था।
अहमदाबाद गई टीम ने पाया कि साणंद औद्योगिक बेस में कामकाज शुरू हो चुका है। कुल 50 हजार श्रमिकों में से 30 हजार काम पर लौट चुके हैं। वहीं, सूरत गई टीम ने वहां के कपड़ा व हीरा उद्योग से जुड़े हितधारकों से बात की और पाया कि वहां काम करने वाले श्रमिकों को पिछले महीने का वेतन मिल चुका है।
5 राज्यों में हालात चिंताजनक, मध्य प्रदेश की मृत्यु दर सबसे ज्यादा
पांच राज्य कोरोना से बुरी तरह प्रभावित हैं। इसमें महाराष्ट्र पहले नंबर पर जबकि गुजरात दूसरे नंबर पर चल रहा है। इसके बाद क्रमश: दिल्ली, राजस्थान और मध्यप्रदेश हैं। देश में कोरोना वायरस से मृत्यु दर 3.17 प्रतिशत है, महाराष्ट्र में 4.29 फीसदी जबकि गुजरात में ये दर 4.56 फीसदी है।
यानी पांच राज्यों में मृत्यु दर में गुजरात सबसे आगे है। केवल अहमदाबाद की बात करें तो यहां अब तक 2167 लोगों में वायरस की पुष्टि हुई है और 102 लोगों की मौत हुई है। इस हिसाब से यहां मृत्यु दर 4.71 फीसदी है यानी देश की मृत्यु दर से 1.54 फीसदी अधिक।
आंकड़ों के अनुसार मध्य प्रदेश में 2168 लोगों में वायरस की पुष्टि हो चुकी है जबकि मरने वालों की संख्या 110 है। आंकड़ों का विश्लेषण करने से पता चलता है कि यहां की मृत्यु दर 5.07 है। मध्यप्रदेश ने मृत्यु दर में महाराष्ट्र, दिल्ली, गुजरात और राजस्थान को भी पछाड़ दिया है। गुजरात में मौतों का सिलसिला इसी तरह जारी रहा तो वो सबसे आगे निकल जाएगा।
दिल्ली : संक्रमित मामलों में तीसरे स्थान पर
राजधानी दिल्ली संक्रमित मरीजों के हिसाब से देश में गुजरात के बाद तीसरे नंबर पर है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार यहां शाम पांच बजे तक 3108 लोगों में वायरस की पुष्टि हो चुकी है जबकि 54 लोगों की मौत हुई है। इस हिसाब से पांच राज्यों की तुलना में यहां मृत्यु दर सबसे कम 1.73 फीसदी है।
राजस्थान : दिल्ली से अधिक
यहां कुल मरीजों की संख्या 2262 है और मरने वालों का आंकड़ा 46 है। इस हिसाब से यहां की मृत्यु दर 2.03% है। जो दिल्ली की तुलना में अधिक है। दिल्ली में मरीज तीन हजार के पार है जबकि राजस्थान में अभी दो हजार के पार है।
केरल : हालात बेहतर
यहां पर अब तक कुल मरीज 481 जबकि मृत्यु दर 0.83 है। कर्नाटक में कुल मरीजों की संख्या 512 जबकि मौतों का आंकड़ा 20 हो गया है। यहां मृत्यु दर 3.90% है।