कर्ज में डूबी हनुंग टॉयज एंड टेक्सटाइल लिमिटेड के प्रमोटर अशोक कुमार बंसल को पत्नी अंजू के साथ रविवार को दिल्ली एयरपोर्ट पर अधिकारियों ने हिरासत में ले लिया। यह कार्रवाई पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की ओर से लुकआउट सर्कुलर (एलओसी) जारी किए जाने के बाद की गई। कंपनी पर पीएनबी के नेतृत्व वाले 15 कर्जदाताओं के समूह का 2,300 करोड़ रुपये बकाया है। अकेले पीएनबी ने 599 करोड़ रुपये का कर्ज दिया है।
सूत्रों ने कहा कि पीएनबी ने 13 लुकआउट सर्कुलर जारी किए हुए हैं। इनमें से एक हनुंग टॉयज के प्रमोटर के खिलाफ भी है। उन्होंने कहा कि एलओसी पर कार्रवाई करते हुए अधिकारियों ने बंसल और उनकी पत्नी को उस समय हिरासत में लिया जब वे रविवार सुबह दुबई से आ रहे थे। समूह के कई बैंकों ने पहले ही कंपनी को जानबूझकर कर्ज नहीं चुकाने वाला करार दिया है। बड़े आर्थिक अपराधियों को देश छोड़कर भागने से रोकने के लिए सरकार ने सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों को ऐसे लोगों के खिलाफ एलओसी जारी कराने का अधिकार दिया है जो जानबूझकर कर्ज नहीं चुका रहे हैं।
कंपनी के चेयरमैन और एमडी अशोक बंसल के चलते चार साल पहले कर्ज चुकाने की योजना विफल रही क्योंकि वह अपने 82 करोड़ रुपये की इक्विटी नहीं दे सके। इसके चलते बकाया कर्ज बढ़कर 2300 करोड़ रुपये हो गया। बैंक ने कर्ज वसूली के लिए कई कदम उठाए, लेकिन सफल नहीं रहा। जून 2019 के तिमाही तक कर्ज राशि 2305 करोड़ रुपये थी।