मेजर अमित द्विवेदी की पत्नी शैलजा की हत्या के मामले में गिरफ्तार मेजर निखिल हांडा के संबंध में बुधवार को पता चला है कि वह खासा रंगीन मिजाज है। पुलिस की छानबीन में पता चला है कि आरोपी ने फेसबुक पर कई पेज बनाने के साथ डेटिंग साइट ‘क्वाक-क्वाक’ पर कई फर्जी प्रोफाइल भी बनाए थे। हत्या करने के बाद उसने अपनी पटेलनगर में रहने वाली जिस कथित गर्लफ्रेंड को कॉल कर सबसे पहले इसकी सूचना दी थी, वह भी उससे इस डेटिंग साइट के माध्यम से ही संपर्क में आई थी।
पुलिस के मुताबिक, शुरुआत में निखिल ने इस युवती को अपने बारे में कुछ नहीं बताया था, लेकिन समय के साथ प्रगाढ़ता बढ़ी तो उसने उसे अपनी असली पहचान बता दी थी। जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि निखिल की कुछ और गर्लफ्रेंड भी हैं। निखिल हांडा की पत्नी को शायद पति की रंगीनमिजाजी के बारे में पता था। इसलिए दंपती के रिश्ते तल्ख थे।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मंगलवार को हुई पूछताछ के दौरान निखिल की कथित गर्लफ्रेंड ने बताया कि दो साल पूर्व उसकी और निखिल की डेटिंग साइट पर चैटिंग के जरिये बातचीत होनी शुरू हुई थी। निखिल की गर्लफ्रेंड ने पुलिस से कहा कि वह कभी भी शैलजा से नहीं मिली थी। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जरूरत पड़ने पर महिला को दोबारा बुलाया जा सकता है।