उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी शनिवार को पांच दिवसीय यात्रा के तहत हंगरी और अल्जीरिया की यात्रा के लिए रवाना हो गए। यहां पर अंसारी सीमा पार आतंकवाद समेत अन्य द्विपक्षीय मुद्दों पर बातचीत करेंगे।
अंसारी की यह यात्रा कश्मीर के उड़ी में हुए आतंकवादी हमले और उसके जवाब में भारत की ओर से पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में की गई सर्जिकल स्ट्राइक से भारत पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के मद्देनजर है।
पत्रकारों द्वारा यह पूछे जाने पर कि अपनी यात्रा के दौरान क्या उपराष्ट्रपति सीमा पार आतंकवाद का मुद्दा उठाएंगे, इसके जवाब में विदेश मंत्रालय की सचिव सुजाता मेहता ने कहा कि उपराष्ट्रपति की द्विपक्षीय वार्ता में यह एक प्रमुख मुद्दा होगा और वह निश्चय ही इस मुद्दे को दोनों देशों के प्रमुखों के सामने रखेंगे। सुजाता मेहता ने कहा कि आतंकवाद हंगरी और अल्जीरिया के लिए भी एक बड़ी समस्या है।
अपनी यात्रा के पहले पड़ाव में अंसारी 15 अक्तूबर से 17 अक्तूबर तक हंगरी के दौरे पर रहेंगे। इसके बाद 17 अक्तूबर से 19 अक्तूबर तक अल्जीरिया जाएंगे। यात्रा में अंसारी हंगरी और अल्जीरिया के राष्ट्रपति, हंगरी के प्रधानमंत्री और स्पीकर से भी मुलाकात करेंगे।